विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़ने वाले पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और धर्म सिंह सैनी के नेतृत्व में सात और विधायक शुक्रवार को सपा में शामिल हो गए। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की मौजूदगी में मौर्य, सैनी के अलावा भाजपा के पांच और अपना दल के दो विधायक सपा में शामिल हुए। एक पूर्व मंत्री सहित पांच पूर्व विधायक भी सपा में शामिल हुए। मौर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती देते हुए कहा, इस चुनाव में 85 हमारा है और 15 में भी बंटवारा है। इस बीच, सपा लगाातर अपना गठबंधन मजबूत कर रही है।
शुक्रवार को भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर ने आजाद समाज पार्टी व सपा से गठबंधन का ऐलान किया। सपा चंद्रशेखर के जरिए दलित वर्ग के चेहरे की कमी पूरा करना चाहती है। इस बीच, सपा यूपी मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में भीड़ जुटने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने धारा 144 के उल्लंघन, और चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है। कार्यक्रम को वर्चुअल रैली का नाम दिया था। इस मामले में स्थानीय थाना प्रभारी को घोर लापरवाही बरतने पर तत्काल निलंबित कर दिया गया।
सपा एमएलसी का इस्तीफा
सपा से विधान परिषद सदस्य घनश्याम लोधी ने पार्टी पर पिछड़ों व दलितों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया। लोधी स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों से 2016 में एमएलसी बने थे। वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। बसपा से निलंबित विधायक रामवीर उपाध्याय भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।