गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

मंडला को 460 करोड़ की सौगात, तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में पहुंचा 36 करोड़ से ज्यादा बोनस,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मंडला जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देने के साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों और वन समितियों के सदस्यों के लिए करोड़ों रुपये की राशि का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति और जंगलों की रक्षा में जनजातीय समुदाय की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार का संकल्प है कि वन क्षेत्रों से जुड़े परिवारों और तेंदूपत्ता संग्राहकों को उनकी मेहनत का पूरा सम्मान और वाजिब हक मिले।मंडला में आयोजित प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के सदस्यों के प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम और तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 8 वन मंडलों के 9 लाख 4 हजार 126 तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2024 के बोनस के रूप में 36 करोड़ 17 लाख 37 हजार 518 रुपये की राशि ट्रांसफर की।इसमें मंडला, सिवनी, बालाघाट, डिंडोरी और जबलपुर के संबंधित वन मंडलों के तेंदूपत्ता संग्राहक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 21 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2024 के बोनस के रूप में करीब 139 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जाएगी।

84 वन समितियों के सदस्यों को भी मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने मंडला जिले के जंगलों की सुरक्षा में वन विभाग का सहयोग करने वाली 84 वन समितियों के करीब 40 हजार सदस्यों को 26 करोड़ 56 लाख 53 हजार 929 रुपये की काष्ठ लाभांश राशि भी वितरित की।कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन और जनजातीय नायकों रानी दुर्गावती तथा राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

मंडला में 74 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने मंडला जिले के लिए करीब 460 करोड़ रुपये की लागत वाले 74 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 263 करोड़ रुपये से अधिक के 47 कार्यों का भूमिपूजन और 197 करोड़ रुपये से अधिक के 27 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।75.28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 19 शासकीय हाईस्कूल भवन, 33.92 करोड़ रुपये का नवीन एकीकृत कलेक्टर कार्यालय भवन, 14.80 करोड़ रुपये का नर्सिंग कॉलेज भवन और 1 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ट्राइबल मल्टीपर्पज मार्केटिंग सेंटर शामिल है।

मंडला में खुलेंगे दो नए सरकारी कॉलेज

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर मंडला के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने मोहगांव और घुघरी में शासकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा की।मंडला में बड़ी मात्रा में होने वाले लघु वनोपज संग्रहण को देखते हुए यहां सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अंतर्गत लघु वनोपज प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की भी घोषणा की गई।

मंडला में बनेगा टाइगर सफारी जू

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने मंडला में टाइगर सफारी जू बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मंडला में वन्यजीव पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर स्थानीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।इसके साथ ही मंडला में कभी बड़े पैमाने पर होने वाली पान की खेती को दोबारा शुरू करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।

दूध उत्पादन बढ़ाने पर भी सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश वर्तमान में देश के कुल दूध उत्पादन में करीब 12 प्रतिशत योगदान दे रहा है। सरकार का लक्ष्य इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाना है। इसके लिए बड़ी संख्या में दुग्ध सहकारी समितियां बनाई जा रही हैं। मंडला जिले में भी जरूरत के अनुसार दुग्ध सहकारी समितियां गठित की जाएंगी, ताकि पशुपालकों को उनके दूध का उचित मूल्य मिल सके।

‘जनजातीय संस्कृति और विरासत की रक्षा हमारी जिम्मेदारी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समुदाय केवल प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक ताकत ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार जनजातीय नायकों के सम्मान और उनकी विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है।उन्होंने रानी दुर्गावती, राजा भभूत सिंह और अन्य जनजातीय नायकों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महान व्यक्तित्वों से जुड़े स्थानों पर कैबिनेट की बैठकें आयोजित करना सरकार की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है।

मेधावी विद्यार्थियों को मिली स्कूटी

कार्यक्रम स्थल पर किसान कल्याण वर्ष से जुड़ी प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत मंडला जिले के मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई।मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबी देने के साथ खुद उनके सिर पर हेलमेट पहनाया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

‘मंडला विकास की दौड़ में पीछे नहीं’

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंडला अब विकास की दौड़ में किसी से पीछे नहीं है। जिले में मेडिकल कॉलेज बनने जा रहा है और नर्सिंग कॉलेज का भूमिपूजन भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि मंडला से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया हो चुका है।उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देना और ड्रॉपआउट को समाप्त करना है। बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूल में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी दी जा रही है।मुख्यमंत्री ने प्रदेश में शुरू की गई सुगम परिवहन सेवा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल 1500 बसों से शुरू हुई यह सेवा आने वाले समय में और व्यापक की जाएगी।कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके, मंडला सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्राहक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *