
भोपाल। मध्यप्रदेश की युवा शक्ति को रोजगार, कौशल, नवाचार और उद्यमिता के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन 6 अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड मैदान में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के 20 हजार से अधिक युवाओं से सीधे संवाद करेंगे।कॉन्क्लेव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने लाल परेड मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल, प्रदर्शनी कक्षों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने और युवाओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।इस दौरान अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन, आयुक्त उच्च शिक्षा प्रबल सिपाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रोजगार से लेकर स्टार्टअप तक पर फोकस
सीएम यूथ कॉन्क्लेव में युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता, नवाचार, अनुसंधान और उभरती तकनीकों से जुड़े अवसरों पर विशेष जोर रहेगा। विशेषज्ञों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों और स्टार्टअप की सहभागिता से युवाओं को बदलते रोजगार बाजार और भविष्य की जरूरतों की जानकारी दी जाएगी।
17 विभाग और 80 से ज्यादा प्रदर्शनी कक्ष
कॉन्क्लेव में 17 सरकारी विभागों और विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, एमएसएमई, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, चिकित्सा शिक्षा, आयुष, परिवहन, पुलिस और साइबर सुरक्षा समेत कई विभाग युवाओं को अपनी योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी देंगे।वहीं, विभागों, विश्वविद्यालयों, संस्थाओं और नवोदित उद्यमों के 80 से अधिक प्रदर्शनी कक्ष लगाए जाएंगे। इनमें रोजगार, प्रशिक्षण, करियर, उद्यमिता, अनुसंधान, तकनीक और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी।
AI, रोबोटिक्स और ड्रोन पर भी नजर
कॉन्क्लेव में भविष्य की तकनीकों को लेकर भी युवाओं के लिए खास आकर्षण रहेगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) जैसे क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण, रोजगार और शोध की संभावनाओं से युवाओं को रूबरू कराया जाएगा।
मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर और सेडमैप की ओर से स्वरोजगार, कौशल विकास और नवाचार से जुड़ी गतिविधियां प्रस्तुत की जाएंगी। युवा नए स्टार्टअप के उत्पादों और उनके पीछे काम कर रहे विचारों को करीब से समझ सकेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ-साथ अपना रोजगार और उद्यम खड़ा करने के लिए प्रेरित करना है।कार्यक्रम में करियर मार्गदर्शन के साथ कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य, स्वास्थ्य, आयुष, उद्योग एवं रोजगार, विज्ञान-तकनीक, उद्यमिता और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे।पुलिस विभाग की ओर से महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, यातायात जागरूकता, सामुदायिक पुलिसिंग और जन-सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी युवाओं के साथ संवाद किया जाएगा।कॉन्क्लेव में सिर्फ रोजगार और करियर की बातें ही नहीं होंगी, बल्कि युवाओं के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल और मुंबई के कबीर कैफे की प्रस्तुतियां कार्यक्रम में युवाओं के बीच उत्साह का माहौल बनाएंगी।सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 को प्रदेश के युवाओं को संवाद, मार्गदर्शन और नए अवसरों से जोड़ने की बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ हजारों युवाओं का सीधा संवाद और प्रदर्शनी कक्षों में तकनीक, शिक्षा, रोजगार व स्टार्टअप की जानकारी उन्हें भविष्य की नई दिशाओं से परिचित कराएगी।सरकार का फोकस युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सही अवसर देकर समर्थ युवा और सशक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ने पर है।