गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

सिंगापुर में प्रधानमंत्री और मंत्रियों की सैलरी बढ़ाने का फैसला, लॉरेंस वोंग का पैकेज 27 करोड़ रुपये सालाना होगा,

सिंगापुर सरकार ने प्रधानमंत्री, मंत्रियों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के वेतन में बड़ी बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने मंगलवार को संसद में इस फैसले की जानकारी दी। प्रस्तावित बढ़ोतरी के बाद प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग का सालाना वेतन पैकेज करीब 22 लाख सिंगापुर डॉलर से बढ़कर 36 लाख सिंगापुर डॉलर हो जाएगा। भारतीय मुद्रा में यह राशि लगभग 27 करोड़ रुपये सालाना बैठती है। यानी उनके सालाना पैकेज में करीब 11 करोड़ रुपये की वृद्धि होगी। सरकार का कहना है कि वरिष्ठ सरकारी पदों पर सक्षम और प्रतिभाशाली लोगों को आकर्षित करने तथा बेहतर प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिस्पर्धी वेतन जरूरी है। उप प्रधानमंत्री और मंत्रियों की सैलरी भी बढ़ेगी प्रधानमंत्री के साथ-साथ उप प्रधानमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के वेतन में भी बढ़ोतरी की जाएगी। उप प्रधानमंत्री का सालाना पैकेज करीब 18.7 लाख सिंगापुर डॉलर से बढ़कर 30.6 लाख सिंगापुर डॉलर हो जाएगा। वहीं, कैबिनेट मंत्रियों को उनकी वरिष्ठता और जिम्मेदारी के आधार पर करीब 18 लाख से 28.8 लाख सिंगापुर डॉलर सालाना तक का पैकेज मिलेगा। वेतन बढ़ोतरी पर उठ रहे सवाल सिंगापुर में राजनीतिक नेतृत्व को मिलने वाली ऊंची सैलरी लंबे समय से चर्चा और विवाद का विषय रही है। इस नई बढ़ोतरी के बाद सरकार की आलोचना भी शुरू हो गई है। आलोचकों का सवाल है कि जब आम लोगों की आय इसके मुकाबले काफी कम है, तो शीर्ष नेताओं के वेतन में इतनी बड़ी वृद्धि क्यों की जा रही है। हालांकि, सरकार का तर्क है कि उच्च वेतन व्यवस्था का उद्देश्य राजनीति और प्रशासन में योग्य लोगों को आकर्षित करना तथा भ्रष्टाचार के जोखिम को कम करते हुए प्रभावी शासन व्यवस्था बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *