लोक निर्माण विभाग, बालाघाट में पदस्थ कार्यपालन यंत्री कमल किशोर सिंगारे के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने अनुपातहीन संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। EOW जबलपुर की तीन टीमों ने गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक साथ बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित उनके आवास एवं संबंधित परिसरों पर तलाशी अभियान शुरू किया।EOW के अनुसार, अब तक की जांच और तलाशी में सिंगारे तथा उनके परिजनों के नाम पर करीब 11 करोड़ रुपये की अनुमानित अनुपातहीन संपत्ति का प्रारंभिक रूप से पता चला है। हालांकि, विभिन्न स्थानों पर तलाशी, दस्तावेजों की जांच और संपत्तियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया अभी जारी है।छिंदवाड़ा में मिली कई संपत्तियां और कीमती सामानछिंदवाड़ा स्थित आवास की तलाशी के दौरान करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन और मकान, लगभग 7.50 लाख रुपये नकद तथा करीब 1 करोड़ रुपये के घरेलू सामान की इन्वेंट्री सामने आई है। इसके अलावा लगभग 350 ग्राम सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण और महिंद्रा XUV 700 तथा स्कॉर्पियो सहित कई वाहन भी पाए गए हैं।जांच के दौरान छिंदवाड़ा में करीब 1.50 करोड़ रुपये मूल्य के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी पता चलने की जानकारी सामने आई है।फार्म हाउस में भी संपत्ति का खुलासाEOW की टीम ने छिंदवाड़ा स्थित फार्म हाउस की भी तलाशी ली। यहां करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन एवं निर्माण के साथ ट्रैक्टर, ट्रॉली और कृषि संबंधी अन्य उपकरण पाए गए हैं।दस्तावेजों और बैंक खातों की भी जांचEOW अधिकारियों के मुताबिक, भ्रष्टाचार के माध्यम से आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने संबंधी शिकायत के सत्यापन के बाद कमल किशोर सिंगारे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।फिलहाल बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल सहित संबंधित परिसरों में तलाशी एवं दस्तावेजों की जांच जारी है। अधिकारियों द्वारा बैंक खातों, लॉकर, नकदी, संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों और अन्य वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।EOW का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी संपत्तियों एवं दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद अनुपातहीन संपत्ति का कुल आंकड़ा बढ़ सकता है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।