भोपाल। देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना से ओतप्रोत माहौल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को राजधानी भोपाल के टी.टी. नगर स्थित तात्या टोपे स्टेडियम से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा को विधिवत झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराया और स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर अभियान के शुभारंभ के लिए रवाना हुए।मुख्यमंत्री निवास से समत्व भवन तक मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ स्टाफ के सदस्य भी हाथों में तिरंगा लेकर पैदल पहुंचे। इस दौरान भारत माता के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से भर गया। इसके बाद मुख्यमंत्री मोटरसाइकिल से तिरंगा लेकर तात्या टोपे स्टेडियम पहुंचे।तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संगठनों के सदस्यों, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। यात्रा टी.टी. नगर स्टेडियम से महाराणा प्रताप लोक, टीन शेड और सांदीपनि विद्यालय होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद मुख्यमंत्री मोटरसाइकिल पर तिरंगा लेकर न्यू मार्केट, रोशनपुरा और पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए मुख्यमंत्री निवास पहुंचे।यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति सहित विभिन्न संस्थाओं ने देशभक्ति गीतों और बैंड की धुनों के बीच तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया।

14 अगस्त तक चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि 9 अगस्त का दिन देश के स्वतंत्रता संग्राम में विशेष महत्व रखता है। इसी दिन वर्ष 1942 में महात्मा गांधी के आह्वान पर भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ था। इस आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी और देश की आजादी की भावना को जन-जन तक पहुंचाया।उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, संघर्ष और अहिंसक आंदोलनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने तथा नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना मजबूत करने का अवसर है।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में यह अभियान 9 से 14 अगस्त तक चलेगा। गांवों, वार्डों, कस्बों और शहरों से लेकर राजधानी तक तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी और विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने और अभियान में उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
भारत को विश्व का अग्रणी देश बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज दुनिया भारत की बढ़ती ताकत और सामर्थ्य को अनुभव कर रही है। भारत ‘जियो और जीने दो’ तथा ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमृतकाल@2047 तक भारत अपनी पूरी क्षमता के साथ विश्व का अग्रणी देश बने, यही सभी देशवासियों की कामना होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का आनंद लेने के साथ देश के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना जरूरी है। देश की सुरक्षा, सेवा और विकास के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों से हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्राओं में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आह्वान किया।
एयर कनेक्टिविटी से प्रदेश के विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बढ़ती एयर कनेक्टिविटी को विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भोपाल को अब कोलकाता और पटना जैसे प्रमुख शहरों से बेहतर हवाई संपर्क मिल रहा है। एक उड़ान भोपाल से रीवा होते हुए कोलकाता जाएगी, जबकि दूसरी उड़ान भोपाल को सीधे पटना से जोड़ेगी।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में करीब 10 नए एयरपोर्ट विकसित करने की दिशा में भी राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। बेहतर एयर कनेक्टिविटी से प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को गति मिलेगी।