गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट,

मध्यप्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय तीन मानसूनी प्रणालियों के प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान विशेष रूप से पश्चिमी मध्यप्रदेश में तेज बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए शुक्रवार के लिए कई जिलों में भारी और अति भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर और धार जिलों में अति भारी वर्षा हो सकती है। वहीं नीमच, आगर-मालवा, उज्जैन, देवास, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर और छिंदवाड़ा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर सहित प्रदेश के अनेक जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है।मालवा-निमाड़ क्षेत्र में मानसून विशेष रूप से सक्रिय बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों तक इस क्षेत्र में लगातार वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है। प्रशासन ने संबंधित जिलों में स्थानीय अधिकारियों को सतर्क रहने और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।लगातार बारिश के कारण बैतूल जिले के सारणी स्थित सतपुड़ा बांध का जलस्तर बढ़ने पर इस मानसून में पहली बार बांध के सात गेट खोलकर नियंत्रित रूप से पानी छोड़ा गया है। वहीं पचमढ़ी में हुई अच्छी बारिश के बाद प्रसिद्ध बी फॉल का जलप्रवाह बढ़ गया है, जिसे देखने बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।हालांकि प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के बावजूद अब तक कुल वर्षा सामान्य से कम दर्ज की गई है। इस मानसून सीजन में अब तक औसतन 373.3 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 438.3 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। इस प्रकार प्रदेश में अब तक लगभग 15 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 47 जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है, जबकि भोपाल, इंदौर, देवास, सीहोर, राजगढ़, भिंड, बुरहानपुर और मंदसौर सहित कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। इनमें देवास जिले में सामान्य से लगभग 29 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है।मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *