गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

किसानों की पदयात्रा भोपाल पहुँची, मुख्यमंत्री निवास घेराव की घोषणा; सावरकर सेतु पर भारी पुलिस बल तैनात,

किसानों की आठ सूत्रीय मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा का आंदोलन मंगलवार को और तेज हो गया। नर्मदापुरम से भोपाल के लिए निकली किसानों की पदयात्रा प्रशासन की रोक-टोक के बावजूद राजधानी में प्रवेश कर गई। किसानों ने स्पष्ट किया है कि वे अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।स्थिति को देखते हुए भोपाल के सावरकर सेतु के पास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर स्वयं पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। करीब 20 थानों के थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए हैं। सड़क पर बसें खड़ी कर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका जा सके।जानकारी के अनुसार किसानों ने दोपहर में अब्दुल्लागंज से भोपाल की ओर कूच शुरू किया था। प्रशासन ने उन्हें 11 मील क्षेत्र में रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसान बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ते गए।आंदोलन के कारण होशंगाबाद रोड पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वैकल्पिक मार्गों पर भी यातायात प्रभावित रहा। जाम में एक एम्बुलेंस के फंसने की भी सूचना है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने कटारा हिल्स रोड सहित अन्य मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन किया।संयुक्त किसान मोर्चा की प्रमुख मांगों में प्रदेश में मूंग की पूरी उपज को समर्थन मूल्य पर खरीदना सहित किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों का समाधान शामिल है। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।वहीं, प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *