नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में राज्य स्तरीय प्रदर्शन आयोजित किया गया। मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में मध्यप्रदेश के लगभग 20 जिलों से छात्र, युवा और नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, ठेका प्रथा और नर्सिंग छात्रों से जुड़े लंबित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। हाथों में तख्तियां और पोस्टर लिए प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की। एक पोस्टर पर लिखा था, “यह सिर्फ पेपर लीक नहीं, बल्कि व्यवस्था की बड़ी खामी है।” कई छात्र सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की तस्वीरें लेकर भी प्रदर्शन में शामिल हुए।प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र और राज्य सरकार के नाम 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से नीट सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र भर्ती, भर्ती परीक्षाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने, नर्सिंग छात्रों की समस्याओं का समाधान, आवेदन शुल्क में कमी तथा ठेका व्यवस्था समाप्त कर स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि युवाओं का उद्देश्य केवल विरोध करना नहीं, बल्कि रोजगार, शिक्षा और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था जैसे मूलभूत मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को प्रदेशभर में और व्यापक रूप दिया जाएगा।