गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

भोपाल को मिली नई औद्योगिक पहचान, सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क से 15 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

राजधानी भोपाल के विकास को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क एवं आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक औद्योगिक क्षेत्र नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं, किसानों और उद्यमियों के लिए नए अवसरों का द्वार बनेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का नाम देश के पहले उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखा गया है। यहां विकसित होने वाले उद्योगों से 15 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना भोपाल को औद्योगिक क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी और प्रदेश के आर्थिक विकास को गति देगी।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य खेती को उद्योग और बाजार से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाना है। गारमेंट सहित अन्य उद्योगों के विकास से कपास उत्पादक किसानों को भी लाभ मिलेगा। सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिससे खेत से लेकर फैक्ट्री और बाजार तक विकास की मजबूत श्रृंखला तैयार हो सके।मुख्यमंत्री ने बताया कि सतगढ़ी में करीब 25 एकड़ क्षेत्र में प्रदेश का सबसे बड़ा, 10 हजार लोगों की क्षमता वाला कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जाएगा। यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा और राजधानी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए नया केंद्र बनाएगा। साथ ही सागर ग्रुप द्वारा यहां 100 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा भी की गई है।उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2025 में प्राप्त निवेश प्रस्तावों में से 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश पर काम शुरू हो चुका है, जबकि किसान कल्याण वर्ष में अब तक 86 हजार करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं। प्रदेश में अमेरिका, जापान, ब्रिटेन, कनाडा और दक्षिण कोरिया सहित कई देशों से विदेशी निवेश आ रहा है, जिससे रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश आज निवेशकों के लिए भरोसेमंद राज्य बन चुका है। बेहतर सड़क, बिजली, पानी, पारदर्शी नीतियों और निवेश अनुकूल वातावरण के कारण देश-विदेश की कंपनियां यहां निवेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास के साथ हर वर्ग को रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग 70 हेक्टेयर में विकसित होने वाली सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में प्लग एंड प्ले सुविधाएं, लॉजिस्टिक्स हब, विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं एग्जीबिशन सेंटर, स्मार्ट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, आवासीय सुविधाएं तथा पर्यावरण अनुकूल अधोसंरचना विकसित की जाएगी।कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क को भोपाल और मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *