भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून की रफ्तार भले ही फिलहाल कुछ धीमी पड़ी हो, लेकिन बारिश का सिलसिला थमा नहीं है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 50 जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। वहीं बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में करीब 100 मिलीमीटर (लगभग चार इंच) तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि 2 जुलाई से एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर में हल्की बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इंदौर, गुना, बालाघाट, शिवपुरी, जबलपुर, खरगोन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, सीधी, खंडवा, सीहोर और देवास सहित कई जिलों में हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। बालाघाट में डेढ़ इंच से अधिक, शिवपुरी में करीब पौन इंच और जबलपुर में आधा इंच से ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई।हालांकि उत्तर मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बना रहा। खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नौगांव में 40.5 डिग्री और ग्वालियर में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून के फिर से सक्रिय होने के संकेत हैं। ऐसे में किसानों के लिए यह बारिश खरीफ फसलों की बुवाई के लिहाज से लाभदायक साबित हो सकती है। वहीं प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, तेज हवा और आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।