भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर भोपालवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 1949 में इसी ऐतिहासिक दिवस पर भोपाल का भारत संघ में विलय हुआ था, जिसने लोकतांत्रिक भारत की एकता और अखंडता को और अधिक सशक्त बनाया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के विलीनीकरण और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले अमर शहीदों तथा उन सभी महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया, जिन्होंने राष्ट्रहित में अपना सर्वस्व समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भोपाल का इतिहास त्याग, संघर्ष और गौरवशाली विरासत से परिपूर्ण है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।मुख्यमंत्री ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे भोपाल गौरव दिवस के अवसर पर शहर को स्वच्छ, सुंदर, विकसित और समृद्ध बनाने के संकल्प को और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही भोपाल को देश के अग्रणी और आदर्श शहरों में शामिल किया जा सकता है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि भोपालवासी अपने शहर की सांस्कृतिक विरासत, स्वच्छता और विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सक्रिय योगदान देंगे तथा गौरव दिवस को सार्थक बनाएंगे।