गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

जबलपुर रेलवे में मेडल खरीद घोटाला: CBI ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

पश्चिम मध्य रेलवे में गोल्ड प्लेटेड सिल्वर मेडल्स की खरीद में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने इंदौर की एक निजी कंपनी, रेलवे अधिकारियों और राइट्स (RITES) के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, 23 जनवरी 2023 को पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर और इंदौर स्थित कंपनी M/s Viable Diamonds के बीच 3,640 गोल्ड प्लेटेड सिल्वर मेडल्स की सप्लाई का करीब 49.68 लाख रुपए का अनुबंध हुआ था। अनुबंध के तहत RITES के निरीक्षण इंजीनियर ने सितंबर और अक्टूबर 2023 में सामग्री का निरीक्षण किया था। इसके बाद 19 अक्टूबर 2023 को 3,631 मेडल्स भोपाल स्थित कोच रिहैबिलिटेशन वर्कशॉप के जनरल स्टोर डिपो में जमा कराए गए, जबकि 9 मेडल्स परीक्षण में उपयोग किए गए।मामले का खुलासा तब हुआ जब 12 सितंबर 2025 को रेलवे विजिलेंस विभाग ने दोबारा सैंपल जांच कराई। जांच रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। नोएडा की NABL मान्यता प्राप्त लैब और कोलकाता के नेशनल टेस्टिंग हाउस की रिपोर्ट में पाया गया कि मेडल्स में चांदी की मात्रा मात्र 0.0023 प्रतिशत थी, जबकि तांबा 99.80 प्रतिशत पाया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि सप्लाई किए गए मेडल्स टेंडर की शर्तों के अनुरूप नहीं थे।प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद CBI ने 25 मार्च 2026 को मामला दर्ज किया। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 120-B (षड्यंत्र), 420 (धोखाधड़ी), 468 (जालसाजी) और 471 (फर्जी दस्तावेज का उपयोग) के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।CBI ने इस मामले की जांच एसीबी भोपाल के एएसपी आकाश कुमार मीणा को सौंपी है। एजेंसी अब यह पता लगाएगी कि इस पूरे घोटाले में किन अधिकारियों और व्यक्तियों की भूमिका रही और किस स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *