
भोपाल के विट्ठल मार्केट में आयोजित 137वें पार्थिव शिवलिंग निर्माण महारुद्र अभिषेक यज्ञ के पांचवें दिन का दृश्य अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। “हर-हर महादेव” के जयघोष और भक्ति से सराबोर वातावरण में सुप्रसिद्ध कथा वाचक डॉ. अनिल देव प्रभाकर शास्त्री (बड़े भैया) के सान्निध्य में यह आयोजन अपने चरम पर पहुंच गया।इस अवसर पर परम पूज्य गुरुदेव दद्दाजी के कृपापात्र, प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा तथा विधायक संजय पाठक की विशेष उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।आशुतोष राणा जी ने स्वयं मिट्टी के पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर महारुद्र अभिषेक में सहभागिता की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गुरुदेव बड़े भैया का आशीर्वाद और दद्दाजी की कृपा से जीवन धन्य होता है तथा सनातन धर्म की रक्षा और उसका प्रचार-प्रसार हम सभी का कर्तव्य है। विधायक संजय पाठक जी ने भी युवाओं को गुरु भक्ति और शिवभक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।इस धार्मिक आयोजन में वरिष्ठ गुरुभाई एवं पूर्व शिक्षा मंत्री राजकुमार पटेल, इंदौर के विधायक रमेश मेंदोला तथा पूर्व नगर निगम अध्यक्ष सुरजीत चौहान ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अतिथियों ने बड़े भैया से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया और यज्ञ की सफलता की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, महाआरती और प्रसाद वितरण ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर मिट्टी के शिवलिंगों का निर्माण किया और महारुद्र अभिषेक में भाग लिया। बड़े भैया के प्रेरणादायक प्रवचनों ने सभी को आत्मचिंतन और आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में अग्रसर किया।137 वर्षों की परंपरा को संजोए यह यज्ञ गुरु-शिष्य परंपरा की जीवंतता और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभर रहा है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि समाज को जोड़ने और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है।आगामी दिनों में भी यह आयोजन जारी रहेगा, जिसमें और अधिक श्रद्धालुओं एवं विशिष्ट जनों के शामिल होने की संभावना है। सनातन धर्म और गुरुभक्ति का यह संदेश पूरे मध्य प्रदेश में प्रसारित हो रहा है।