गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में प्रदेश कार्यालय भोपाल में मध्यप्रदेश की मोहन सरकार के ढाई वर्षों के कार्यकाल की विफलताओं पर आधारित एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के संस्थापक गोंडवाना रत्न दादा हीरासिंह मरकाम के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुई। इसके पश्चात उपस्थित मुख्य अतिथियों का पार्टी पदाधिकारियों द्वारा पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर गरिमापूर्ण स्वागत किया गया। प्रशिक्षण शिविर में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं को भारत सरकार के केंद्रीय बजट की प्रक्रिया एवं उसके विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सदन में वही लोग प्रभावी राजनीति कर पाते हैं, जो अर्थशास्त्र की समझ रखते हैं। उन्होंने विभिन्न राज्यों की कर व्यवस्था, आर्थिक संसाधनों के प्रबंधन तथा देश की अर्थव्यवस्था के संचालन के विषय में भी विस्तार से बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकारें प्रायः घाटे का बजट प्रस्तुत करती हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को आर्थिक विषयों की समझ होना आवश्यक है। प्रशिक्षण में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमानसिंह पोर्ते ने संगठन की नीतियों, विचारधारा तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव तक पार्टी की विचारधारा पहुँचाने का आह्वान किया। वहीं राष्ट्रीय महासचिव बलवीर तोमर ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी सामाजिक न्याय, आदिवासी अधिकारों और क्षेत्रीय स्वाभिमान की लड़ाई को मजबूती ओर संगठन में अनुशासन बनाए रखने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर दिया। प्रदेश प्रवक्ता संतर वालारी ने संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसमस्याओं के प्रति संघर्षशीलता ओर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और जनता के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने पर जोर दिया | प्रशिक्षण में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इंजी. कमलेश तेकाम ने अपने संबोधन में संगठन विस्तार, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया ओर प्रशिक्षण शिविर के दौरान संगठन विस्तार, विचारधारा, राजनीतिक रणनीति तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और प्रशिक्षण के तमाम महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी गई। इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश भर के विभिन्न जिलों से जिला अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


समापन के बाद प्रदेश अध्यक्ष इंजी. कमलेश तेकाम ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार प्रदेश की जनता के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं है और प्रदेश की जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, आदिवासी एवं आम जनता आज भी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित रह गई है।