परम पूज्य अनिल देव प्रभाकर शास्त्री ‘बड़े भैय्या’ के सानिध्य में भव्य शिवलिंग निर्माण महायज्ञ,

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गृहस्थ संत पंडित देव प्रभाकर शास्त्री जी (दद्दा जी) के ज्येष्ठ पुत्र, सुप्रसिद्ध कथा वाचक एवं गृहस्थ संत परम पूज्य अनिल देव प्रभाकर शास्त्री “बड़े भैय्या” के सानिध्य में बिट्टन दशहरा मैदान में आयोजित सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं महारुद्र अभिषेक ज्ञान यज्ञ का आयोजन भव्य रूप से जारी है।आयोजन के दूसरे दिन, 13 मार्च 2026 को श्रद्धालुओं द्वारा 63 लाख 37 हजार 33 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया गया, जो संकल्पित लक्ष्य की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सुबह से ही श्रद्धालुओं में अलौकिक ऊर्जा और गहन श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सपरिवार उपस्थित होकर उत्साहपूर्वक पार्थिव शिवलिंग निर्माण में सहभागी बने।पार्थिव शिवलिंग निर्माण के पश्चात परम पूज्य बड़े भैय्या ने अपनी अमृतमयी वाणी से श्रीमद्भागवत ज्ञान कथा का वाचन किया, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। इसके उपरांत शिक्षण मंडल एवं श्रद्धालुओं ने आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ निर्मित पार्थिव शिवलिंगों पर भगवान भोलेनाथ का महारुद्र अभिषेक किया।मंत्रोच्चारण, भक्ति और श्रद्धा से परिपूर्ण इस आयोजन में उपस्थित सभी श्रद्धालु भक्ति भाव में डूब गए। संगीतमय आरती के पश्चात विशाल भोजनशाला में सभी श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।यह आयोजन भोपाल के लिए एक अद्वितीय और ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध हो रहा है। दो दिनों में ही कुल 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 312 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर आयोजन अपने संकल्पित लक्ष्य की पूर्ति की ओर तेजी से अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *