
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जहां बेटियों को जन्म से लेकर जीवनभर सम्मान और पूजनीय माना जाता है, वह केवल मध्यप्रदेश ही है। नारी सदैव पूजनीय रही है और हमारे देश में भारत माता को भी जननी मानकर सम्मान दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों और महिलाओं के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाएं महिलाओं के जीवन में हर कदम पर उनकी सच्ची सहेली बनकर साथ खड़ी हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को दमोह जिले के हटा में आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन सह शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से दमोह जिले के लिए 405 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक की लागत से 13 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया।इन विकास कार्यों में लगभग 232 करोड़ रुपये की लागत से हटा से गैसाबाद सिमरिया मार्ग (एसएच-55) के 73 किलोमीटर मार्ग का टू-लेन सड़क के रूप में उन्नयन और चौड़ीकरण शामिल है। इसके अलावा 74 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से मडियादो से बर्धा किशनगढ़ सड़क निर्माण तथा 48 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से मडियादो से रजपुरा मार्ग निर्माण कार्य का भूमि-पूजन भी किया गया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में ‘विरासत से विकास’ के मूल मंत्र को अपनाकर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष बुंदेलखंड क्षेत्र के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित कर 27 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई थी।मुख्यमंत्री ने हाल ही में शुरू हुए सर्वाइकल कैंसर की एचपीवी वैक्सीन के टीकाकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी माताएं-बहनें अपनी 14 वर्ष से अधिक आयु की बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इससे बेटियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हटा की 8 बेटियों को मंच से एचपीवी वैक्सीन लगवाने के प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ भी वितरित किए गए।
हटा का नाम अब होगा शिवकाशी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हटा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए हटा का नाम बदलकर ‘शिवकाशी’ करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हटा श्री श्री 1008 देवश्री गौरीशंकर की नगरी है, इसलिए अब इसे शिवकाशी के नाम से जाना जाएगा।मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि हटा में नवीन आईटीआई भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही सर्वसुविधायुक्त नवीन नगर पालिका भवन और भव्य गीता भवन का निर्माण भी कराया जाएगा। हटा महाविद्यालय में अब कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन संकाय भी शुरू किए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने विनती-मड़ियादौ-चौरईया मार्ग के चौड़ीकरण, शासकीय पीएमश्री महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल में इंडोर ऑडिटोरियम निर्माण, पटेरा में नए महाविद्यालय की स्थापना तथा मड़ियादो और देवरी फतेहपुर में नए हायर सेकेंडरी स्कूल भवन बनाने की भी घोषणा की। नगर परिषद तेंदूखेड़ा में तारादेही तिराहे से चौरई तक मार्ग का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण तथा वार्ड क्रमांक 3 में सीसी रोड निर्माण कार्य भी कराया जाएगा। गहरा से चौपरा-सिमरी तक मार्ग का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दमोह जिले में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना के माध्यम से बुंदेलखंड क्षेत्र के हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाया जाएगा। इससे किसानों की फसलें लहलहाएंगी और क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा अब 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है, जिसमें से लगभग 10 लाख हेक्टेयर रकबा पिछले दो वर्षों में ही बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने महिला कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को हर माह सम्मानपूर्वक 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जल्द ही लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जबकि प्रदेश के नगरीय निकायों में पहले से ही 50 प्रतिशत आरक्षण लागू है।अवसर पर मुख्यमंत्री ने हटा विधायक श्रीमती उमादेवी खटीक को जन्मदिवस की बधाई देते हुए उनके दीर्घायु और जनसेवा की कामना की।कार्यक्रम में उच्च शिक्षा, आयुष एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री इंदर सिंह परमार, संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल, हटा विधायक उमादेवी खटीक, पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक श्री जयंत मलैया सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें एवं नागरिक उपस्थित रहे।