चीन ने रक्षा बजट में 7.2% की वृद्धि कर 275 अरब डॉलर किया,

बीजिंग, गुरुवार। चीन ने अपने रक्षा बजट में 7.2 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि करते हुए इसे बढ़ाकर लगभग 275 अरब अमेरिकी डॉलर कर दिया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में करीब 25 अरब डॉलर अधिक है। चीन सरकार का कहना है कि इस बढ़ोतरी का उद्देश्य सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण को तेज करना और सैन्य क्षमता को और मजबूत बनाना है।चीन के प्रधानमंत्री ली क्विंग ने गुरुवार को नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) में पेश अपनी कार्य रिपोर्ट में बताया कि राष्ट्रीय रक्षा के लिए लगभग 1.9 ट्रिलियन युआन (करीब 275 अरब डॉलर) का प्रावधान किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में हिस्सेदारी, प्रति व्यक्ति रक्षा व्यय और प्रति सैनिक खर्च के आधार पर चीन का रक्षा बजट अभी भी तुलनात्मक रूप से सीमित बताया गया है।पिछले वर्ष चीन ने 2025 के लिए अपने रक्षा बजट में 7.2 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे लगभग 249 अरब डॉलर किया था, जो 2024 की तुलना में लगभग 17 अरब डॉलर अधिक था। चीन लगातार अपने सशस्त्र बलों के व्यापक आधुनिकीकरण की दिशा में काम कर रहा है। इसमें विमानवाहक पोतों का निर्माण, आधुनिक नौसैनिक जहाजों का तेजी से विकास और उन्नत स्टील्थ विमानों के निर्माण जैसे बड़े सैन्य कार्यक्रम शामिल हैं। हालांकि, कई अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ चीन के वास्तविक रक्षा खर्च को लेकर संदेह भी जताते रहे हैं।इस बीच चीन ने इस वर्ष के लिए अपने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि लक्ष्य को घटाकर 4.5 से 5 प्रतिशत के बीच कर दिया है। यह निर्णय वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं, अमेरिका के साथ व्यापारिक शुल्क विवाद, अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक तनाव और घरेलू अर्थव्यवस्था में संपत्ति बाजार की गिरावट तथा बढ़ती बेरोजगारी जैसी चुनौतियों को देखते हुए लिया गया है।गौरतलब है कि चीन पिछले तीन वर्षों से अपने जीडीपी वृद्धि लक्ष्य को लगभग 5 प्रतिशत के आसपास बनाए हुए था, लेकिन इस वर्ष पहली बार इसे घटाकर 4.5 से 5 प्रतिशत के बीच निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *