राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने होली पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं,

भोपाल। मंगुभाई पटेल ने रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द्र, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है। यह उत्सव हमारे जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करता है तथा समाज को एकसूत्र में बांधने का कार्य करता है।राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि रंगों का यह त्यौहार प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति लेकर आए। होली का उल्लास हर घर-आंगन में आनंद और उत्साह भर दे तथा समाज में प्रेम और अपनत्व की भावना को सुदृढ़ करे। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें आपसी मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के करीब आने और संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने का अवसर प्रदान करता है।अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्यौहार नहीं, बल्कि आत्मीयता और विश्वास का उत्सव भी है। यह पर्व हमें भेदभाव, ईर्ष्या और कटुता को त्यागकर सद्भाव, एकता और पारस्परिक सम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। विविधताओं से परिपूर्ण मध्यप्रदेश में होली का उत्सव सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाता है।राज्यपाल श्री पटेल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि होली का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से पर्यावरण-अनुकूल होली मनाने का आग्रह करते हुए कहा कि प्राकृतिक रंगों का उपयोग करें, जल संरक्षण का ध्यान रखें और समाज के प्रत्येक वर्ग की भावनाओं का सम्मान करें।उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर त्यौहार की आत्मीय और गौरवशाली परंपराओं को सशक्त बनाएं तथा प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। राज्यपाल ने कामना की कि होली का यह पावन पर्व प्रदेश में खुशहाली, भाईचारे और समृद्धि का नया संदेश लेकर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *