राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर मेपकास्ट का राज्य स्तरीय विज्ञान जागरूकता एवं नवाचार कार्यक्रम सम्पन्न

भोपाल, शनिवार। Madhya Pradesh Council of Science and Technology (मेपकास्ट), भोपाल द्वारा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर रवीन्द्र भवन, भोपाल में विज्ञान जागरूकता एवं नवाचार आधारित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय और उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना तथा युवाओं को अनुसंधान एवं नवाचार के लिए प्रेरित करना था।मेपकास्ट के निदेशक डॉ. अनिल कोठारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से राज्य के समग्र विकास को गति प्रदान करना परिषद का प्रमुख उद्देश्य है। परिषद अनुसंधान, नवाचार एवं विज्ञान प्रसार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों एवं युवाओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए विज्ञान मेले, प्रतियोगिताएं, नवाचार कार्यशालाएं तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।कार्यक्रम में Indian Institute of Information Technology Bhopal के निदेशक प्रो. आशुतोष कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के माध्यम से भारत के युवा भविष्य में वैश्विक स्तर पर अग्रणी स्थान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नवाचार आधारित सोच अपनाने की प्रेरणा दी। उज्जैन में 3 से 5 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस “महाकाल – द मास्टर ऑफ टाइम” पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। फिल्म में समय और विज्ञान से जुड़े रोचक एवं विचारोत्तेजक पहलुओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही मानसी चतुर्वेदी द्वारा प्रस्तुत “विज्ञान का पिटारा” कार्यक्रम के माध्यम से विज्ञान के विविध प्रयोगों एवं अवधारणाओं को सरल, रोचक और आकर्षक शैली में प्रदर्शित किया गया, जिसे विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह से सराहा।कार्यक्रम के दौरान 41वें युवा वैज्ञानिक सम्मेलन के प्रतिभागियों एवं विजेताओं को उनके उत्कृष्ट शोध एवं नवाचार कार्यों के लिए प्रशस्ति-पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

परिषद के प्रमुख अनुसंधान एवं विकास डॉ. आर.एस. भारद्वाज ने सम्मेलन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले युवा वैज्ञानिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया है।कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में Indian Institute of Technology BHU, वाराणसी से आए विशेषज्ञ श्री मनोहर कुमार एवं उनकी टीम द्वारा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (स्टेम) आधारित लाइव विज्ञान शो प्रस्तुत किया गया। इस शो में विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसे विद्यार्थियों और उपस्थित जनों ने अत्यंत रुचि के साथ देखा। टीम के सदस्यों—श्री मोहित कुमार, श्री मनीष कुमार, श्री अमित कुमार, श्री विवेक कुमार एवं श्री राकेश कुमार—ने विज्ञान को सरल, सहज और मनोरंजक रूप में प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *