भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पशुपालन विभाग जिला भोपाल द्वारा पशुपालकों को संगठित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला पशु चिकित्सा सेवाएं कार्यालय भोपाल के उपसंचालक डॉ. अभिजीत शुक्ला के मार्गदर्शन में पशुपालकों के लिए ब्रीडर संगठन (जिला ब्रीडर प्रकोष्ठ) का गठन किया गया है।
उपसंचालक डॉ. अभिजीत शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में आगामी पांच वर्षों में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए संगठित पशुपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से भोपाल जिले में ऐसे पशुपालकों का चयन किया गया है जिनके पास 20 या उससे अधिक पशु हैं तथा जो व्यवस्थित रूप से पशुपालन कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गठित संगठन के माध्यम से पशुपालकों की नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें उनकी समस्याओं को समझकर समाधान किया जाएगा। साथ ही उन्नत नस्ल सुधार, वैज्ञानिक पशुपालन, बेहतर प्रजनन सेवाएं तथा आधुनिक डेयरी प्रबंधन की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि ब्रीडर प्रकोष्ठ के माध्यम से स्थानीय स्तर पर गोवंश एवं भैंसवंश की शुद्ध नस्लों का संरक्षण एवं संवर्धन किया जाएगा। पशुपालकों को प्रशिक्षण, रिकॉर्ड संधारण, उन्नत सीमन, डेटाबेस निर्माण तथा पशु प्रदर्शनियों से जोड़ने की योजना भी बनाई गई है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।
पशुपालन विभाग का उद्देश्य है कि संगठित प्रयासों से दुग्ध उत्पादन में वृद्धि हो और मध्यप्रदेश शासन द्वारा निर्धारित पांच वर्षीय उत्पादन लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके। विभाग का मानना है कि पशुपालकों की सक्रिय भागीदारी से डेयरी क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जिला स्तर पर गठित इस ब्रीडर संगठन को पशुपालकों और विभाग के बीच समन्वय का प्रभावी मंच माना जा रहा है, जिससे भविष्य में पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने में सहायता मिलेगी।