मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर व्यापक यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू,

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 21 फरवरी (शनिवार) को प्रस्तावित जनपद भ्रमण के दृष्टिगत यातायात पुलिस द्वारा विस्तृत डायवर्जन एवं पार्किंग योजना लागू की गई है। सेक्टर-28, ग्रेटर नोएडा स्थित India Chip Private Limited (एचसीएल ग्रुप एवं फॉक्सकॉन का संयुक्त उपक्रम) के कार्यक्रम में वीवीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे तथा दिल्ली बॉर्डर से जुड़े मार्गों पर विशेष यातायात व्यवस्था प्रभावी रहेगी।दिल्ली के डीएनडी-चिल्ला रेड लाइट बॉर्डर से आने वाले अतिथि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से जीरो प्वाइंट पहुंचेंगे। वहां से यमुना एक्सप्रेस-वे पर 26 किमी स्थित फलैदा कट से उतरकर सेक्टर-28 स्थित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। इन वाहनों की पार्किंग मंच के दाहिने ओर निर्धारित वीआईपी पार्किंग क्षेत्र में की जाएगी।दिल्ली एवं नोएडा से आने वाली एचसीएल और शिव नादर स्कूल की बसें भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगी, किन्तु फलैदा कट से बाईं ओर उतरकर पुराने रबूपुरा रोड से पानी की टंकी से पूर्व खाली बंद मार्ग पर बनाए गए विशेष पार्किंग स्थल में खड़ी होंगी।

अन्य मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था

ककोड, झाझर एवं जहांगीरपुर की ओर से आने वाले वाहन कैंची तिराहा रबूपुरा से बाईं ओर मुड़कर रबूपुरा बाइपास, तीर्थली चौराहा होते हुए यीडा ग्रीन पार्क के पीछे स्थित सामान्य पार्किंग (पानी की टंकी के समीप) में अपने वाहन खड़े करेंगे।जेवर, दयानतपुर, नगला हांडा एवं नगला हुकम सिंह की ओर से आने वाले वाहन तीर्थली चौराहे से यीडा ग्रीन पार्क होते हुए सामान्य पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे।दनकौर, रोनीजा एवं रबूपुरा से आने वाले वाहन डबल सर्विस रोड से फिल्मसिटी होते हुए फलैदा चौराहे से पहले पुराने रबूपुरा रोड के माध्यम से सामान्य पार्किंग स्थल में पहुंचेंगे।

पार्किंग व्यवस्था

  • सामान्य बस पार्किंग: सेंट्रल वेयरहाउस एवं पानी की टंकी के मध्य स्थित खाली प्लॉट में।
  • पुलिस, अन्य विभाग, मीडिया एवं एचसीएल पार्किंग: वीआईपी पार्किंग के दाहिने ओर।
  • एचसीएल एवं शिव नादर स्कूल बस पार्किंग: पानी की टंकी से पूर्व बंद मार्ग पर।

दिल्ली बॉर्डर पर मालवाहक वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित

वीवीआईपी आगमन के दिन प्रातः 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक गौतमबुद्धनगर से दिल्ली सीमा (चिल्ला, डीएनडी, कालिंदी कुंज) के रास्ते प्रवेश करने वाले भारी, मध्यम एवं हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

दिल्ली सीमा से डायवर्जन

  • चिल्ला बॉर्डर: वाहन यू-टर्न लेकर एनएच-9/24 से एनएच-91 एवं ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर जाएंगे।
  • डीएनडी बॉर्डर: टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर एनएच-9/24, एनएच-91 एवं ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का उपयोग करेंगे।
  • कालिंदी कुंज बॉर्डर: एनएच-9/24 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से गंतव्य तक पहुंचेंगे।

आगरा एवं परी चौक की ओर से डायवर्जन

आगरा की ओर से आने वाले यातायात को जेवर टोल से पूर्व बने यू-टर्न से अलीगढ़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को जेवर कस्बा मार्ग से सबौता अंडरपास होते हुए खुर्जा बाइपास एवं जहांगीरपुर की ओर भेजा जाएगा।परी चौक से आगरा की ओर जाने वाले वाहन अल्फा कमर्शियल गोलचक्कर, मेट्रो डिपो गोलचक्कर, 130 मीटर रोड एवं सिरसा गोलचक्कर से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होते हुए बुलंदशहर एवं अलीगढ़ की दिशा में जा सकेंगे।यदि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर यातायात का दबाव अधिक होता है, तो वाहनों को आवश्यकतानुसार सर्विस रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय से पूर्व यात्रा की योजना बनाएं। प्रशासन द्वारा सुचारु यातायात संचालन हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *