भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर को उम्मीद है कि रविवार को कोलंबो में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले टी-20 विश्व कप मुकाबले में भारतीय टीम तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह लेग स्पिनर कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में शामिल कर सकती है।गौरतलब है कि नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में अर्शदीप काफी महंगे साबित हुए और अपने चार ओवर भी पूरे नहीं कर सके। इस प्रदर्शन के बाद टीम संयोजन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक कार्यक्रम में बातचीत के दौरान गावस्कर ने संकेत दिए कि टीम प्रबंधन स्पिन विकल्प को प्राथमिकता दे सकता है।उन्होंने कहा कि श्रीलंका की पिचें आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों को मदद देती हैं और भारत का इतिहास तीन स्पिनरों के साथ खेलने का रहा है। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में कुलदीप यादव को मौका मिलना संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पिछले मैच में गेंदबाजी बदलाव पाकिस्तान मैच को ध्यान में रखकर ही किए।गावस्कर ने बताया कि हार्दिक पांड्या द्वारा पहला ओवर फेंकना भी संकेत देता है कि टीम संयोजन में बदलाव संभव है। वहीं, वरुण चक्रवर्ती ने केवल दो ओवर डाले, लेकिन उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए गावस्कर ने कहा कि जब भी उन्हें गेंद दी जाती है, वे विकेट निकालते हैं। अक्षर पटेल का तीन ओवर में दो विकेट लेना भी टीम के लिए सकारात्मक संकेत है।बल्लेबाजी पर टिप्पणी करते हुए गावस्कर ने कहा कि अस्वस्थ अभिषेक शर्मा की जगह टीम में शामिल किए गए संजू सैमसन को तकनीकी सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सैमसन क्रीज में बहुत पीछे चले जाते हैं और फ्लिक शॉट खेलने की कोशिश में जोखिम उठाते हैं। पाकिस्तान जैसे बड़े मुकाबले में पारी की शुरुआत करते समय उन्हें अधिक संयम और तकनीकी सटीकता दिखानी होगी।अब सभी की नजरें कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर टिकी हैं, जहां टीम संयोजन और रणनीति अहम भूमिका निभाएंगे।