भोपाल। डीबी मॉल के फूड कोर्ट में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां स्थित बिरयानी क्वीन आउटलेट पर शाकाहारी सोया चाप बिरयानी का ऑर्डर देने वाले एक परिवार को खाने में चिकन का टुकड़ा परोसा गया, जिससे शाकाहारी उपभोक्ताओं में भारी रोष व्याप्त हो गया है। पीड़ित परिवार ने इसे उनकी धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया है।शिकायतकर्ता अजीत सिंह ने बताया कि वे अपने भाई नरेंद्र मीणा और बेटी भाग्या के साथ फूड कोर्ट में भोजन करने पहुंचे थे। उन्होंने शुद्ध शाकाहारी भोजन की प्राथमिकता के चलते बिरयानी क्वीन से सोया चाप बिरयानी का ऑर्डर दिया, लेकिन परोसी गई बिरयानी में चिकन का टुकड़ा मिलने पर वे हैरान रह गए।अजीत सिंह ने इस घटना का वीडियो साक्ष्य के रूप में रिकॉर्ड किया और तुरंत विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि वे पूर्णतः शाकाहारी हैं और भोजन में मांस मिलना केवल एक साधारण गलती नहीं, बल्कि उनकी धार्मिक आस्था और विश्वास पर गहरी चोट है। उन्होंने प्रबंधन की इस लापरवाही को अक्षम्य बताया।मामला बढ़ने पर आउटलेट के स्टाफ और संचालक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने लिखित में त्रुटि स्वीकार करते हुए राशि वापस करने की पेशकश की। आउटलेट के मालिक अरनब ने भी फोन पर शिकायतकर्ता से माफी मांगी।पीड़ित पक्ष ने फूड कोर्ट मैनेजर गौरीशंकर को लिखित शिकायत सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि आउटलेट पर स्वच्छता और शुद्धता के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि शाकाहारी और मांसाहारी भोजन तैयार करने के लिए अलग-अलग रसोई की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।पीड़ित परिवार का कहना है कि वे इस मामले को केवल माफी तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि यह सुनिश्चित करेंगे कि आगे किसी अन्य उपभोक्ता के साथ ऐसी घटना न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।