उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने पीसीएस मुख्य परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए सफल घषित किया गया है।पीसीएस मेन्स की लिखित परीक्षा 29 जून 2025 से 2 जुलाई 2025 तक प्रयागराज और लखनऊ स्थित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 13,776 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। पीसीएस संवर्ग के अंतर्गत कुल 24 प्रकार के पदों के लिए 947 रिक्तियों पर भर्ती की जानी है।इनमें से 60 पदों पर केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन किया जाएगा, जबकि शेष 887 पदों पर लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 60 पदों का परिणाम अंतिम चरण के परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा। साक्षात्कार की तिथि और प्रक्रिया से संबंधित सूचना आयोग द्वारा अलग से जारी की जाएगी।आयोग के सचिव अशोक कुमार द्वारा पीसीएस मुख्य परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित किया गया।गौरतलब है कि पीसीएस 2024 प्रारंभिक परीक्षा के लिए कुल 5,76,154 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से पहले सत्र में 2,43,111 और दूसरे सत्र में 2,41,359 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।

प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम मार्च 2025 में जारी किया गया था, जिसमें 15,066 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया गया था। इसके बाद आयोजित मेन्स परीक्षा में 13,776 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से अब 2719 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चयनित किया गया है। इंटरव्यू के बाद अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी, जिसके माध्यम से 887 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होगी।अभ्यर्थी अपना परिणाम उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in/ पर जाकर देख सकते हैं।