
रीवा।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि रीवा विंध्य क्षेत्र के विकास के लिए ट्रेन के इंजन की तरह कार्य कर रहा है, जो पूरे अंचल को गति प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज सभी चुनौतियों को पार करते हुए हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री शनिवार को रीवा के श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के विस्तारीकरण कार्य के भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यूक्रेन युद्ध के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने संकट में फंसे प्रत्येक भारतीय छात्र को सुरक्षित स्वदेश वापस लाकर दुनिया के सामने भारत की नेतृत्व क्षमता को सिद्ध किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई दे रहे हैं।उन्होंने बताया कि रीवा में नए अस्पताल भवन के निर्माण के बाद बेड की संख्या 2400 से अधिक हो जाएगी। नए भवन में कार्डियोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और कैंसर उपचार की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में भी हाईटेक मशीनों के माध्यम से कैंसर मरीजों का इलाज किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद 55 वर्षों में प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में मात्र 2 वर्षों में 6 नए शासकीय मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए गए हैं। जनजातीय अंचलों सहित प्रदेश के प्रमुख जिलों में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं और जल्द ही मध्यप्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 50 तक पहुंच जाएगी।उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा का मेडिकल कॉलेज 70 वर्ष पुराना है और अब इसके अधोसंरचना विकास के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रीवा को 322 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है, जिससे 200 बेड का कैंसर अस्पताल बनाया जाएगा और 100 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक मशीनें खरीदी जाएंगी। प्रदेश में कैंसर उपचार एवं शोध के लिए 5 विशेष केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विंध्य क्षेत्र को स्वास्थ्य सुविधाओं की ऐतिहासिक सौगात मिली है। अब रीवा में ही हृदय रोग और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज संभव हो सकेगा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा दिव्य गुणों की माला पहनाई गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जनप्रतिनिधि, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं नागरिक उपस्थित रहे।