‘बीटिंग द रिट्रीट’ के संग 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमामयी समापन,

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में मध्यप्रदेश में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का समापन गुरुवार को ऐतिहासिक ‘बीटिंग द रिट्रीट’ समारोह के साथ अत्यंत गरिमा और गौरव के वातावरण में सम्पन्न हुआ। जहांगीराबाद स्थित लाल परेड मैदान में आयोजित इस विशेष आयोजन ने राष्ट्रभक्ति, सैन्य अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।इस अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस ब्रास बैंड एवं भारतीय सेना के ब्रास बैंड ने सधे हुए तालमेल के साथ संगीतमय प्रस्तुतियां देकर सैन्य परंपराओं की गौरवशाली विरासत को जीवंत कर दिया। उल्लेखनीय है कि ‘बीटिंग द रिट्रीट’ सैन्य एवं अर्धसैनिक बलों की एक प्रतिष्ठित परंपरा का प्रतीक है, जिसका आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली के साथ-साथ केवल भोपाल में ही किया जाता है।समारोह में महापौर श्रीमती मालती राय, मुख्य सूचना आयुक्त श्री विजय यादव, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना, अपर मुख्य सचिव गृह श्री शिव शेखर शुक्ला, महानिरीक्षक पुलिस श्री इरशाद वली, कमांडेंट सातवीं वाहिनी श्री हितेश चौधरी सहित सेना, पुलिस एवं प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।श्री पटेल के आगमन पर पुलिस ब्रास बैंड द्वारा पारंपरिक स्वागत धुन प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात निरीक्षक श्री सुनील कटारे के नेतृत्व में आयोजित ब्रास बैंड कॉन्सर्ट ने संपूर्ण वातावरण को संगीतमय ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत “वंदे मातरम्” से हुई, जिसके बाद “मेरे देश की धरती”, “पंख होते तो उड़ आती रे”, “पल-पल दिल के पास”, “तेरी झलक अशर्फी”, “ये देश है वीर जवानों का”, “अजीब दास्तां है ये”, “ये शाम मस्तानी”, “संदेशे आते हैं” और “हे अपना दिल तो आवारा” जैसी लोकप्रिय धुनों की प्रस्तुति दी गई। देशभक्ति और सदाबहार गीतों के इस अनूठे संयोजन ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।मध्यांतर के उपरांत पुलिस एवं आर्मी बैंड की संयुक्त प्रस्तुति ने समारोह को और भी प्रभावशाली बना दिया। बैंड डिस्प्ले के दौरान मास्ड बैंड, आर्मी ब्रास बैंड और पुलिस ब्रास बैंड ने फेनफेयर, क्विक मार्च और स्लो मार्च पर सटीक कदमताल के साथ मार्च पास्ट किया। रिट्रीट से पूर्व मास्ड बैंड द्वारा प्रस्तुत ड्रम रोल दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।समारोह के अंतिम चरण में उप निरीक्षक सुश्री सुनीति सिंह के नेतृत्व में महिला टुकड़ी द्वारा ससम्मान राष्ट्रीय ध्वज का अवरोहण किया गया। “सारे जहाँ से अच्छा” की मधुर धुन, तत्पश्चात राष्ट्रगान, रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।पूरे आयोजन ने राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और एकता के संदेश को सशक्त रूप में प्रस्तुत किया और उपस्थित जनसमूह के मन में देशभक्ति की अमिट छाप छोड़ते हुए गणतंत्र दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *