विदिशा में 4,400 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण-भूमिपूजन, मध्यप्रदेश के विकास को मिली नई गति

केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा है कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण केवल एक स्वप्न नहीं, बल्कि हमारा संकल्प है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए पूरा देश एकजुट होकर कार्य कर रहा है और हम सब मिलकर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि देश के समग्र विकास के इस महायज्ञ में सबसे बड़ी आहुति मध्यप्रदेश की होगी। श्री गडकरी शनिवार को विदिशा में आयोजित विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 4,400 करोड़ रुपए की लागत से 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इन परियोजनाओं से मध्यप्रदेश के सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और प्रदेश के औद्योगिक, कृषि एवं व्यापारिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।श्री गडकरी ने कहा कि सही नेतृत्व और समर्पित सरकार के साथ कदमताल कर मध्यप्रदेश को एक प्रगतिशील, समृद्ध और सम्पन्न राज्य बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के विकास को शक्ति देने के लिए केंद्र सरकार पूरी ताकत से सहयोग देगी। उन्होंने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के अधीन पहले से ही 2 लाख करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त करीब 1 लाख करोड़ रुपए की नई सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि के क्षेत्र में अग्रणी राज्य है। यहां का बासमती चावल और शरबती गेहूं विश्व प्रसिद्ध है। किसानों को केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि ऊर्जादाता, हवाई ईंधनदाता और डामरदाता बनाने का लक्ष्य केंद्र सरकार ने रखा है। उन्होंने कहा कि देश तेल आयात पर 22 लाख करोड़ रुपए खर्च करता है, ऐसे में वैकल्पिक ऊर्जा और बायो-फ्यूल को बढ़ावा देना जरूरी है। किसानों की आय बढ़ेगी तो वे गांव छोड़कर शहरों की ओर पलायन नहीं करेंगे।उन्होंने कहा कि देश में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है, कमी है तो केवल ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने वाले लोगों की। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सही नेतृत्व हो तो वेस्ट भी वेल्थ में बदला जा सकता है।

केंद्रीय सड़क मंत्री की प्रमुख घोषणाएं

श्री गडकरी ने विदिशा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें प्रमुख हैं—

  • 16 हजार करोड़ रुपए की लागत से सागर–विदिशा–कोटा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण।
  • नसरुल्लागंज (भैरूंदा)–बुधनी मार्ग को 4 लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा।
  • प्रदेश में 50 सड़कों के निर्माण हेतु 4,500 करोड़ रुपए की स्वीकृति।
  • विदिशा में 4 हजार करोड़ रुपए की लागत से उत्तरी बायपास का निर्माण।
  • 40 हजार करोड़ रुपए की लागत से ग्वालियर–भोपाल–नागपुर एक्सप्रेस-वे को जल्द मंजूरी।
  • सिंहस्थ के लिए उज्जैन–झालावाड़ हाईवे सहित अन्य सड़क निर्माण।
  • सीआरएफ योजना में सड़क विकास के लिए 1,600 करोड़ रुपए
  • प्रदेश को 5 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर की सौगात, 20 अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश विकास का महापर्व मना रहा है। विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए महायज्ञ चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उनकी प्राथमिकता प्रदेश में उद्योग, रोजगार और बुनियादी ढांचे का विस्तार है। डॉ. यादव ने रायसेन में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा करते हुए कहा कि सभी प्रक्रियाएं शीघ्र शुरू की जाएंगी।

श्री शिवराज सिंह चौहान का वक्तव्य

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विदिशा को विकास का हब बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण से भूमि की कीमत बढ़ती है, उद्योग आते हैं और रोजगार के अवसर सृजित होते हैं। कोटा–भोपाल–विदिशा–सागर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा।

अन्य उपलब्धियां

कार्यक्रम में 477 करोड़ रुपए की लागत से 39 किमी लंबी दो सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण, तीन ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का भूमि-पूजन तथा भव्य रोड शो का आयोजन भी किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक इस अवसर पर उपस्थित रहे।इन परियोजनाओं के माध्यम से मध्यप्रदेश की सड़क कनेक्टिविटी सशक्त होगी, आवागमन सुगम बनेगा और प्रदेश के आर्थिक व सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *