ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के तीन नवाचारों का किया शुभारंभ,

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिजली उपभोक्ताओं, पेंशनधारकों एवं प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा विकसित तीन महत्वपूर्ण नवाचारों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सिंथेटिक लॉन टेनिस कोर्ट का भी वर्चुअल उद्घाटन किया। ऊर्जा मंत्री ने नालंदा अभिलेख कक्ष (रिकॉर्ड रूम), क्यूआर फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया तथा ‘पेंशन मित्र’ पुस्तिका का विमोचन किया।ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि पूर्व क्षेत्र कंपनी द्वारा आधुनिक एवं पूर्णतः कम्प्यूटराइज्ड रिकॉर्ड रूम तैयार किया गया है, जो प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाएगा। रिकॉर्ड को नमी, धूप, शीलन, दीमक एवं जीर्ण-शीर्ण होने से बचाने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले प्लास्टिक बॉक्स में सुरक्षित रखा गया है। सभी रिकॉर्ड का विभागवार वर्गीकरण कर अलग-अलग रैक्स में इंडेक्सिंग की गई है, जिससे कम्प्यूटर के माध्यम से रिकॉर्ड को आसानी से सर्च किया जा सकेगा।मुख्यालय में वर्षों से बिखरा हुआ रिकॉर्ड अब एक ही छत के नीचे सुरक्षित रखा गया है, जिससे कार्यालयों के कॉरिडोर और स्टोर रूम साफ-सुथरे एवं व्यवस्थित हो सकेंगे। रिकॉर्ड रूम में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे और फायर सेफ्टी उपकरण लगाए गए हैं। यहां मानव संसाधन विभाग की लगभग 7000, कार्य विभाग की 6000, क्रय एवं भंडार की 4500, वाणिज्य विभाग की 6000, वित्त विभाग की 3000 तथा अन्य विभागों की लगभग 6000 फाइलें, कुल मिलाकर 32,000 से अधिक फाइलों का संधारण किया गया है। इससे महत्वपूर्ण फाइलें, रजिस्टर, आदेश और नक्शे आग, नमी, दीमक, चोरी एवं क्षति से सुरक्षित रहेंगे।ऊर्जा मंत्री ने पूर्व क्षेत्र कंपनी की क्यूआर फीडबैक प्रणाली को एक अभिनव तकनीकी पहल बताया। यह क्यूआर कोड कंपनी के सभी कार्यालय परिसरों में उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु प्रमुख स्थानों पर चस्पा किया जाएगा। उपभोक्ता क्यूआर कोड स्कैन कर मात्र 1 से 2 मिनट में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के व्यवहार, कार्यप्रणाली और कार्यालयीन स्वच्छता के संबंध में अपने अनुभव एवं सुझाव सीधे प्रबंधन तक पहुंचा सकेंगे। मंत्री श्री तोमर ने स्पष्ट किया कि यह प्रणाली शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं है, बल्कि सकारात्मक सुझावों के आधार पर सेवा गुणवत्ता और व्यवस्था में सुधार का प्रभावी साधन बनेगी।

ऊर्जा मंत्री ने ‘पेंशन मित्र’ पुस्तिका को पेंशनधारकों के सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाला प्रयास बताया। यह पुस्तिका पेंशन से जुड़े नियमों, आदेशों और प्रक्रियाओं को सरल और एकीकृत रूप में प्रस्तुत करती है। साथ ही, पेंशन मित्र पुस्तिका के एआई आधारित डिजिटल चैटबॉट का भी शुभारंभ किया गया, जिससे पेंशनधारक पेंशन, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन और भत्तों से संबंधित प्रश्नों के त्वरित उत्तर प्राप्त कर सकेंगे।मंत्री श्री तोमर ने कहा कि म.प्र. पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड, जबलपुर द्वारा विकसित सिंथेटिक लॉन टेनिस कोर्ट खिलाड़ियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा और नए खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रेरित करेगा।ऊर्जा मंत्री ने पूर्व क्षेत्र कंपनी के प्रबंध संचालक श्री अनय द्विवेदी तथा उनकी टीम को इन नवाचारों के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *