मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पत्रकार साथियों की कलम की बाउंसर, शब्दों की गुगली और रिपोर्टर्स का रन रेट लोकतंत्र में चार चांद लगाता है। निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता लोकतंत्र की रीढ़ है और जब पत्रकारिता खेल भावना के साथ आगे बढ़ती है, तो समाज को नई दिशा मिलती है। हमारा मध्यप्रदेश हमेशा से दमदार खिलाड़ियों और मजबूत पत्रकारों की धरती रहा है। प्रदेश के पत्रकारों ने अपनी लेखनी और विचारों से न केवल राज्य, बल्कि देश की राजधानी दिल्ली तक को गौरवान्वित किया है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को भोपाल खेल पत्रकार संघ द्वारा ओल्ड कैंपियन ग्राउंड, भोपाल में आयोजित 31वें आईईएस–डिजिआना इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और क्रिकेट टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित माखनलाल चतुर्वेदी और भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जैसे महान व्यक्तित्वों ने पत्रकारिता और साहित्य के माध्यम से राष्ट्र को नई सोच दी। उनका योगदान आज भी पत्रकारों और लेखकों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल खबर देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का सशक्त माध्यम है।डॉ. यादव ने भोपाल खेल पत्रकार संघ की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था पिछले तीन दशकों से निरंतर इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन कर रही है, जो अपने आप में एक सराहनीय उपलब्धि है। इस आयोजन में क्रिकेट मैच के साथ-साथ आत्मीयता, भाईचारे और सौहार्द की भी वर्षा होती है। पत्रकारों के बीच खेल के माध्यम से आपसी संबंध और सहयोग की भावना मजबूत होती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी इस टूर्नामेंट से विशेष लगाव है और वे स्वयं इस आयोजन में आने की “हैट्रिक” लगा रहे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि सरकार खेल और पत्रकारिता—दोनों को समान रूप से महत्व देती है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि मानसिक स्फूर्ति और टीम भावना को भी विकसित करता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में यह टूर्नामेंट और अधिक भव्य स्वरूप लेगा तथा प्रदेश के पत्रकारों और खिलाड़ियों को एक साझा मंच प्रदान करता रहेगा।इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग ने भी खिलाड़ियों और पत्रकारों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि मध्यप्रदेश सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट खेल और मीडिया के बीच एक सुंदर सेतु का कार्य करता है।कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री ध्रुव नारायण सिंह, वरिष्ठ पत्रकार श्री मृगेंद्र सिंह, श्री विजय दास, श्री तेजेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष श्री रवीन्द्र यति, सामाजिक कार्यकर्ता श्री राहुल कोठारी सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी खिलाड़ी, अधिकारी, पत्रकार और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन की सराहना करते हुए टूर्नामेंट के सफल और रोमांचक आयोजन की कामना की।