पीएमश्री विद्यालयों में आधुनिक शिक्षा, कौशल विकास और हरित पहल का प्रभावी क्रियान्वयन,

प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कुल 799 स्कूलों को पीएमश्री विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन विद्यालयों में लगभग 4 लाख 80 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इन पीएमश्री स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएँ, पुस्तकालय, खेल सामग्री, कला कक्ष और अन्य बुनियादी सुविधाओं का उन्नयन कर इन्हें आधुनिक स्वरूप दिया गया है। ये विद्यालय अपने क्षेत्र के अन्य स्कूलों की शिक्षा गुणवत्ता सुधार में मॉडल व नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे हैं।

व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष जोर

पीएमश्री विद्यालयों में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और कॅरियर मार्गदर्शन से जोड़ा जा रहा है।

  • शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 124 विद्यालयों में कॅरियर काउंसलर तथा 137 विद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य काउंसलर नियुक्त किए गए हैं।
  • कक्षा 9 से 12 तक के 2 लाख 41 हजार विद्यार्थियों को कॅरियर विकल्पों की जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया है।

हरित और आत्मनिर्भर स्कूलों की दिशा में कदम

पीएमश्री स्कूलों में छात्रों को पर्यावरण और स्थिरता आधारित कार्यों से जोड़ा जा रहा है।

  • विद्यालयों में सोलर पैनल, एलईडी लाइट, प्राकृतिक खेती, पोषण उद्यान, अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक-मुक्त परिसर जैसी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।
  • जल एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पारंपरिक विधाओं की जानकारी देकर इन्हें ‘ग्रीन कैंपस’ के रूप में विकसित किया जा रहा है।

शिक्षकों का प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक नवाचार

पीएमश्री विद्यालयों के शिक्षकों को शिक्षण की आधुनिक विधाओं का प्रशिक्षण IIM इंदौर, IIM रायपुर और TISS मुंबई में प्रदान किया गया है।

  • कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए टीचिंग–लर्निंग मटेरियल (TLM) तैयार करने हेतु 544 पीएमश्री स्कूलों का चयन किया गया है।
  • सभी विद्यालयों में मैथ्स व साइंस सर्किल गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं, जिससे छात्रों में 21वीं सदी के कौशल, रचनात्मकता और टीम वर्क को बढ़ावा मिल सके।

एक्सपोजर विजिट से बढ़ा तकनीकी अनुभव

कक्षा 6 से 12 तक के एक लाख 27 हजार से अधिक छात्रों के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित की गई हैं। इन विजिट के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण-तकनीकों, विज्ञान एवं नई खोजों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *