
भोपाल। नारायणा ई-टेक्नो स्कूल, एसटीटी नगर, भोपाल में रविवार को वार्षिकोत्सव “Sankalp – Towards a Sustainable Tomorrow” का भव्य और प्रेरणादायक आयोजन संपन्न हुआ। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “सतत भविष्य की ओर कदम” पर आधारित थी, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य को केंद्र में रखते हुए विभिन्न प्रस्तुतियाँ प्रदर्शित की गईं।कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने जल संरक्षण स्वच्छ ऊर्जा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा लैंगिक समानता जलवायु परिवर्तन शांति और न्याय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर रोचक नृत्य, नाटक और दृश्य प्रस्तुत किए।इन प्रस्तुतियों का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरणीय जागरूकता, जिम्मेदारी, सामाजिक सद्भाव और सतत भविष्य के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था। नन्हे-मुन्ने छात्रों ने स्वच्छता, प्लास्टिक-मुक्त समाज और हरित पर्यावरण के संदेशों पर दिल छू लेने वाले मंचन किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल रजत पवार, विशिष्ट अतिथि डॉ. आमिर महबूब तथा विशेष अतिथि कर्नल विवेक पवार, संगीताचार्य सज्जनलालजी भट्ट, डॉ. देवेंद्र धाकड़ और श्री लोकेश प्यासी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यालय द्वारा बच्चों में मूल्यों, नवाचार और सामाजिक जागरूकता विकसित करने के प्रयासों की प्रशंसा की।विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती दीपाली अलहट ने विस्तृत वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें शैक्षणिक उपलब्धियाँ, प्रतियोगिताएँ, नवाचार कार्यक्रम, खेल उपलब्धियाँ तथा ई टेक्नो मॉडल के अंतर्गत की गई प्रगति का विवरण साझा किया।कार्यक्रम की सफलता के बाद डिप्टी जनरल मैनेजर शेख अब्दुल सलाम ने समस्त विद्यालय स्टाफ को विशेष संदेश देते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन और एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा,“आज का शानदार आयोजन आप सभी के उत्कृष्ट टीमवर्क का परिणाम है। विद्यार्थियों की हर प्रस्तुति में आपके मार्गदर्शन की छाप स्पष्ट दिखाई दी। मैं पूरी टीम को इस सफल आयोजन के लिए हृदय से बधाई देता हूँ।”
सतत विकास और भारतीय संस्कृति का सुंदर संगम प्रस्तुतियों में देखने को मिला। देशभक्ति, पर्यावरण सरंक्षण, महिला सशक्तिकरण, विज्ञान और तकनीक पर आधारित मंचन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। छोटे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभागार में उत्साह का वातावरण बना दिया।समारोह का समापन प्रतिभागी छात्रों के सम्मान और विद्यालय द्वारा भविष्य में उत्कृष्टता व सतत विकास की दिशा में और मजबूत कदम उठाने के संकल्प के साथ किया गया।