
दक्षिण अफ्रीका एक बार फिर दिल दहला देने वाली मास शूटिंग की घटना से हिल गया है। शनिवार तड़के प्रिटोरिया के पश्चिम में स्थित सॉल्सविले टाउनशिप के एक बिना लाइसेंस वाले बार में तीन हथियारबंद हमलावरों ने घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस भीषण हमले में 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत नाज़ुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा (SAPS) के अनुसार, यह हमला आधी रात के बाद उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में लोग बार में मौजूद थे। अचानक तीन हमलावर अंदर घुसे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। कुछ ही सेकंडों में बार में अफरातफरी फैल गई और चारों ओर चीख-पुकार तथा गोलियों की आवाज गूंजने लगी।पुलिस ने बताया कि मौके से बड़ी संख्या में खाली कारतूस बरामद किए गए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि हमलावरों द्वारा अत्यधिक मात्रा में गोलियां चलाई गईं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावरों ने इस हमले को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी कार से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस की कई विशेष टीमें उनकी खोज में लगी हैं। आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है।पुलिस ने कहा कि अभी तक इस घटना के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। हमले का मकसद व्यक्तिगत दुश्मनी, गैंगवार, डकैती या किसी अन्य आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा। अधिकारियों ने कहा कि पीड़ितों की पहचान की जा रही है और घटना के समय मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ जारी है।दक्षिण अफ्रीका में मास शूटिंग की घटनाएं सरकार और कानून-व्यवस्था के लिए लंबे समय से चुनौती बनी हुई हैं। खासकर बार, नाइटक्लब और टाउनशिप क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। वर्ष 2022 में जोहान्सबर्ग के सोवेटो टाउनशिप में भी इसी तरह की गोलीबारी में 16 लोगों की मौत हो गई थी। अधिकांश मामलों में हमलावर गैर-लाइसेंसी हथियारों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे पुलिस के लिए उन पर निगरानी रखना बेहद मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, घटना के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की हिंसक प्रतिक्रिया या तनाव को रोका जा सके। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।सरकार ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध हथियारों के प्रसार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को हमलावरों से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलती है, तो तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन को सूचित करें। जांच एजेंसियों को विश्वास है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका में बढ़ते अप्राधिक हिंसा के मुद्दे को उजागर कर दिया है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार और पुलिस प्रशासन मिलकर ऐसे कदम उठाएंगे, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।