
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) के प्रबंध संचालक श्री एस. कृष्ण चैतन्य ने 28 एवं 29 नवंबर 2025 को इंदौर मेट्रो परियोजना तथा गांधी नगर डिपो क्षेत्र का दो दिवसीय विस्तृत निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध प्रगति और आगामी संचालन की तैयारियों की व्यापक समीक्षा करना था।पहले दिन 28 नवंबर की शाम 4 बजे गांधी नगर स्थित इंदौर मेट्रो कार्यालय में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना से संबंधित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में अंडरग्राउंड मेट्रो रूट की प्रगति, तकनीकी तैयारियों और निर्माण कार्यों की चरणवार स्थिति पर गहन चर्चा की गई।प्रबंध संचालक श्री चैतन्य ने सभी अधिकारियों और कॉन्ट्रैक्टर्स को निर्देशित किया कि शेष बचे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, जिससे इंदौर की जनता को सुरक्षित, आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और विश्वस्तरीय मेट्रो सुविधा समय पर उपलब्ध कराई जा सके।दूसरे दिन 29 नवंबर को प्रबंध संचालक ने प्राथमिकता कॉरिडोर का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मालवीय नगर चौराहा स्टेशन से सुपर कॉरिडोर-2 स्टेशन तक लगभग 11 किलोमीटर लंबा ट्रॉली ट्रायल संचालित किया गया। इस ट्रायल के माध्यम से निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक ने निम्न प्रमुख स्टेशनों का भ्रमण किया:
- विजय नगर
- मेघदूत गार्डन
- बापट चौराहा
- हीरानगर
- चंद्रगुप्त चौराहा
- मालवीय नगर चौराहा
इन सभी स्टेशनों पर सिविल निर्माण की गुणवत्ता, एस्केलेटर एवं लिफ्ट की स्थापना स्थिति, स्टेशन की एंट्री–एग्ज़िट व्यवस्था, कंट्रोल रूम, टिकटिंग एरिया, विभिन्न सिस्टम रूम, ट्रैक और अन्य तकनीकी कार्यों की गहन समीक्षा की गई। यह स्थलीय निरीक्षण SC-03 स्टेशन के आगे के स्टेशनों पर मेट्रो संचालन प्रारंभ करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।इस अवसर पर MPMRCL के डायरेक्टर सिस्टम श्री अरुण श्रीवास्तव, डायरेक्टर प्रोजेक्ट श्री अजय गुप्ता, वरिष्ठ अधिकारीगण, जनरल कंसल्टेंट टीम तथा मेट्रो निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।इंदौर मेट्रो परियोजना के तेजी से आगे बढ़ते कदम यह संकेत देते हैं कि शहर को जल्द ही अत्याधुनिक, विश्वस्तरीय और सुरक्षित शहरी परिवहन प्रणाली मिलने जा रही है।