बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की आयु में निधन, फिल्म जगत में शोक की लहर

बॉलीवुड के महान अभिनेता और भारतीय सिनेमा के “ही-मैन” कहलाए जाने वाले धर्मेंद्र देओल का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वे लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और सोमवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। ।धर्मेंद्र पिछले कुछ सप्ताह से अस्वस्थ थे और उनको हाल ही में सांस की तकलीफ के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर्स ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था और उनकी स्थिति नाजुक बताई थी। बाद में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी, परंतु पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाए।


फिल्म जगत से लेकर राजनीति तक शोक की लहर

धर्मेंद्र के निधन की खबर आते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत फिल्म जगत की कई नामी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके निधन को “भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत” बताया।धर्मेंद्र की लोकप्रियता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि उनके अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान कई बड़े सितारे—जैसे शाहरुख खान और आमिर खान—उन्हें देखने पहुंचे थे।


ईशा देओल ने झूठी खबरों का किया था खंडन

धर्मेंद्र की बिगड़ती तबीयत के दौरान सोशल मीडिया पर उनकी मौत की अफवाहें भी फैली थीं, जिन्हें उनकी बेटी ईशा देओल ने कड़े शब्दों में खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि उनके पिता ठीक हैं और अफवाहें फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण है।


300 से अधिक फिल्मों में काम, पांच दशक का सुनहरा सफर

धर्मेंद्र ने अपने करियर में 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और रोमांस से लेकर एक्शन तक हर किरदार को लोकप्रिय बनाया। “शोले”, “सीता और गीता”, “यादों की बारात”, “धरम वीर”, “चुपके चुपके” जैसी फिल्मों ने उन्हें अमर कर दिया। उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे सफल और प्रभावशाली कलाकारों में गिना जाता है।वे राजनीति में भी सक्रिय रहे और 2004 में भाजपा के टिकट पर सांसद चुने गए थे।धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म “Ikkis” थी, जिसकी रिलीज़ प्रक्रिया जारी है।


परिवार ने की शांति और सम्मान बनाए रखने की अपील

धर्मेंद्र के परिवार ने शोक व्यक्त करते हुए उनके प्रशंसकों और देशवासियों से अपील की है कि वे उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें और इस कठिन समय में परिवार की निजता का सम्मान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *