मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच साझी विकास यात्रा की अपार संभावनाएँ: राज्यपाल मंगुभाई पटेल,

राज्यपाल ने कहा कि भारत सरकार की एक्ट ईस्ट पॉलिसी, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी पहल है, जो भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को नई ऊर्जा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के साथ व्यापारिक, निवेश, तकनीकी और सांस्कृतिक संबंधों में निरंतर वृद्धि से द्विपक्षीय रिश्ते मजबूत होंगे और दोनों क्षेत्रों के लिए नए अवसर उत्पन्न होंगे।राज्यपाल ने कहा कि इसी वर्ष प्रदेश में प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा 18 नई इन्वेस्टर-फ्रेंडली नीतियाँ लॉन्च की गईं। ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस में मध्यप्रदेश देश के उत्कृष्ट सुधारक राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता सरलता, परिश्रम, सहिष्णुता और सौहार्द की प्रतीक है। इसीलिए इसे भारत का हृदय कहा जाता है।उन्होंने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे नगरों के विकास और पर्यावरण संतुलन को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रदेश में 11 एग्रो-क्लाइमेटिक ज़ोन होने के कारण मध्यप्रदेश को देश की “फूड बास्केट” माना जाता है। राज्यपाल ने अतिथियों को सांची स्तूप की प्रतिकृति भेंट कर सम्मानित किया।

आसियान नई दिल्ली समिति के अध्यक्ष और भारत में मलेशिया के उच्चायुक्त दातो मुजफ्फर शाह मुस्तफा ने मध्यप्रदेश सरकार के आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी आसियान देश पारस्परिक मैत्री और सहयोग के माध्यम से शांति एवं समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश की कृषि, आधारभूत अवसंरचना, उत्पादन, पर्यटन एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों की प्रशंसा की।उच्चायुक्त ने कहा कि फार्मास्यूटिकल, शिक्षा और कौशल उन्नयन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाकर मध्यप्रदेश और आसियान देशों के संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *