
14 अक्टूबर को भोपाल स्थित रवीन्द्र भवन में “स्वच्छता समग्र” विषय पर 5वां राज्य स्तरीय स्वच्छता सम्मान समारोह एवं कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राज्य के उन नगरीय निकायों को स्वच्छता सम्मान प्रदान करेंगे, जिन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य कर स्वच्छता के क्षेत्र में उदाहरण प्रस्तुत किया है।कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय तथा राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। समारोह का उद्देश्य प्रदेश में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, नवाचारों को साझा करना और शहरी निकायों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 का डिजिटल पोस्टर होगा लॉन्च
आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास श्री संकेत भोंडवे ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता पखवाड़ा पर आधारित एक विशेष लघु फिल्म प्रदर्शित की जाएगी, जो प्रदेश में चल रहे स्वच्छता अभियानों की झलक प्रस्तुत करेगी। साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 के डिजिटल पोस्टर का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लोकार्पण किया जाएगा।\इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे राज्य में स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे प्रयासों और प्रदेश के शहरी विकास के भावी रोडमैप की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे।
विशेषज्ञ और महापौर करेंगे विचार-विमर्श
कार्यक्रम के विभिन्न सत्र सुबह 8 बजे से प्रारंभ होंगे। इनमें भोपाल, इंदौर, छिंदवाड़ा और ग्वालियर के महापौरों के साथ-साथ नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और स्वच्छता क्षेत्र के विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
कार्यशाला में शहरी स्वच्छता प्रबंधन, अपशिष्ट निस्तारण, नागरिक सहभागिता और सतत विकास जैसे विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी।
स्वच्छता में मध्यप्रदेश की अग्रणी भूमिका
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश ने पिछले वर्षों में स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इंदौर ने लगातार 7 वर्षों तक “स्वच्छतम शहर” का गौरव प्राप्त किया है, वहीं अन्य नगर निकायों ने भी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जनसहभागिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है।राज्य शासन का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर नगर “स्वच्छ, स्वस्थ और हरित” बने। “स्वच्छता समग्र” कार्यक्रम इसी दिशा में एक सशक्त पहल है, जो स्वच्छता को केवल अभियान नहीं बल्कि जनआंदोलन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।