
पुलिस महानिदेशक, लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के मार्गदर्शन में लोकायुक्त टीम भोपाल द्वारा सेवानिवृत्त इंजीनियर-इन-चीफ, लोक निर्माण विभाग, मध्यप्रदेश श्री गोविंद प्रसाद (जी.पी.) मेहरा के विरुद्ध आय से अधिक असमानुपातिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है।गोपनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के आधार पर यह संदेह व्यक्त किया गया था कि फरवरी 2024 में सेवानिवृत्त हुए श्री मेहरा ने अपने सेवा काल के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए भ्रष्टाचार के माध्यम से वैध आय से कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित की है। सत्यापन के उपरांत शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर धारा 13(2) सहपठित 13(1)(बी), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

लोकायुक्त टीम ने भोपाल और नर्मदापुरम जिले के चार ठिकानों —
(1) निवास ए-6 मणीपुरम कॉलोनी, बिट्ठल मार्केट भोपाल,
(2) फ्लैट नंबर 508, ओपल रेजेंसी, दानापानी,
(3) केटी इंडस्ट्रीज, गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया, भोपाल, और
(4) ग्राम सैनी, तहसील सोहागपुर, जिला नर्मदापुरम — पर एक साथ छापामार कार्रवाई की।
छापे के दौरान बरामद सामग्री
- मणीपुरम कॉलोनी स्थित निवास से ₹8.79 लाख नगद, लगभग ₹50 लाख मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण, ₹56 लाख की फिक्स डिपॉजिट, तथा अन्य संपत्ति दस्तावेज जब्त किए गए।
- ओपल रेजेंसी फ्लैट से ₹26 लाख नगद, 2 किलो 649 ग्राम सोना (अनुमानित ₹3.05 करोड़), तथा 5 किलो 523 ग्राम चांदी (अनुमानित ₹5.93 लाख) बरामद हुई।
- गोविंदपुरा स्थित केटी इंडस्ट्रीज फैक्ट्री से ₹1.25 लाख नगद, उद्योग से जुड़े उपकरण, दस्तावेज और साझेदारी संबंधी कागजात (रोहित मेहरा व कैलाश नायक के नाम) प्राप्त हुए।
- ग्राम सैनी (नर्मदापुरम) स्थित फार्म हाउस में 17 टन शहद, 06 ट्रैक्टर, 32 निर्माणाधीन कॉटेज, 07 निर्मित कॉटेज, 02 गौशालाएं, 02 तालाब, 02 मत्स्य पालन केंद्र, मंदिर, तथा महंगे कृषि उपकरण मिले हैं।
इसके अलावा, श्री मेहरा व उनके पारिवारिक सदस्यों के नाम पर फोर्ड एंडेवर, स्कोडा स्लाविया, किया सोनेट और मारुति सियाज जैसी चार लग्ज़री कारों की जानकारी मिली है, जिनकी तस्दीक की जा रही है।छापे की कार्यवाही में लोकायुक्त के डीएसपी श्री वीरेन्द्र सिंह, डीएसपी श्री आशीष भट्टाचार्य, डीएसपी श्रीमती मंजू सिंह तथा डीएसपी श्री बी.एम. द्विवेदी के नेतृत्व में टीम सक्रिय रही।लोकायुक्त ने बताया कि प्राप्त संपत्ति, एफडी, शेयर, बीमा और प्रॉपर्टी से संबंधित दस्तावेजों की जांच जारी है।