
थाना निशातपुरा, भोपाल में दर्ज एक बड़े चोरी प्रकरण का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद किए हैं।
घटना का विवरण
शिकायतकर्ता राम बाबू राठौर (आयु 46 वर्ष), संचालक न्यू श्री महावीर आदर्श ज्वैलर्स, छोला मंदिर, ने 7 अक्टूबर 2025 को थाना निशातपुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, वे 6 अक्टूबर को आभूषणों से भरा बैग लेकर सागर जिले के बीना गए थे। बिक्री न होने पर वे उसी दिन देर रात भोपाल लौटे और भानपुर स्थित ढाबे पर भोजन करने के बाद करोंद क्षेत्र में वाहन साइड में खड़ा कर आराम करने लगे। सुबह 4 बजे उठने पर उन्होंने पाया कि उनकी कार से सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग चोरी हो गया है।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना निशातपुरा में अपराध क्रमांक 850/25, धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर तत्काल जांच प्रारंभ की गई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस आयुक्त भोपाल श्री हरिनारायणाचारी मिश्र तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अवधेश गोस्वामी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान हरीश यादव (25 वर्ष, निवासी शिव नगर कॉलोनी छोला मंदिर, व्यवसाय: ऑटो चालक) और दीपक सूर्यवंशी (26 वर्ष, निवासी गीता नगर छोला मंदिर, व्यवसाय: फैब्रिकेशन कार्य) के रूप में हुई। दोनों को शिव नगर कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार करते हुए चोरी गया बैग अपने ठिकाने से बरामद करवाया। बरामद आभूषणों में लगभग 3.25 किलो सोना, 800 ग्राम चांदी और 4.5 लाख रुपये नकद शामिल हैं।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास
दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पूर्व में भी चोरी, मारपीट तथा अवैध हथियारों से संबंधित कई मामलों में संलिप्त रहे हैं।
वारदात का तरीका
आरोपी रात में ऑटो से घूमकर ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे जो सड़क किनारे नशे की हालत में सोते मिलते थे। इनके पास मौजूद नकदी, मोबाइल और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। अधिकांश पीड़ित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराते थे, जिससे आरोपी लगातार वारदात करते रहे।
बरामदगी
बरामद सामान में 50 से अधिक सोने की अंगूठियां, दर्जनों झुमके, पेंडल, हार, टॉप्स, मंगलसूत्र, बाली सहित बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
टीम की सराहना
इस कार्रवाई में थाना निशातपुरा, गांधी नगर और छोला मंदिर थानों के संयुक्त स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। टीम में थाना प्रभारी उनि एम.डी. अहिरवार, उनि कमलेश चौहान, उनि राजेन्द्र सोलंकी सहित कई पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।