एनडीए में सीट बंटवारे का गतिरोध समाप्ति की ओर, चिराग पासवान से नित्यानंद राय की मुलाकात,

पटना, गुरुवार। एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर चल रहा गतिरोध अब समाप्ति की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। गुरुवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात कर समाधान की दिशा में पहल की।बैठक के बाद दोनों नेताओं ने सकारात्मक संकेत दिए। नित्यानंद राय ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हम दोनों के चेहरे की मुस्कुराहट देखकर समझ जाइए, सबकुछ सकारात्मक है। जल्द इत्मीनान से सबकुछ बताएंगे।” वहीं चिराग पासवान ने भी कहा कि बातचीत सकारात्मक रही है, हालांकि सीटों की संख्या से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कोई सीधा उत्तर नहीं दिया।पिछले कई दिनों से चिराग पासवान और एनडीए नेताओं के बीच सीधी बातचीत नहीं हो पा रही थी। चिराग को एनडीए की ओर से अधिकतम 25 सीटों का प्रस्ताव मिला है, लेकिन इसे लेकर सहमति नहीं बन पाई है। जदयू ने स्पष्ट कर दिया है कि लोजपा (रा), हिंदुस्तानी अवामी मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के साथ सीट तालमेल की जिम्मेदारी भाजपा की है।इधर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा ने 24 विधानसभा सीटों की अपनी सूची भाजपा नेतृत्व को सौंप दी है। वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में कुशवाहा की पार्टी को 23 सीटें दी गई थीं।

हिंदुस्तानी अवामी मोर्चा की ओर से भी दबाव बना हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी 15 सीटों की मांग कर रही है। वहीं, भाजपा की सबसे बड़ी चुनौती जदयू की शर्त है, जिसके अनुसार न्यूनतम 105 सीटों पर जदयू उम्मीदवार होंगे। शेष 138 सीटों का बंटवारा भाजपा और अन्य सहयोगी दलों के बीच करना है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चिराग पासवान और भाजपा नेतृत्व के बीच चल रही बातचीत अगर सफल होती है तो एनडीए के भीतर सीट बंटवारे का विवाद समाप्त हो जाएगा और गठबंधन मजबूती के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में उतर सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *