मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन : सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में खेलों के क्षेत्र में नई क्रांति हुई है। भारतीय खिलाड़ी और जवान हर अवसर पर देश-प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए स्वदेशी और खेल क्रांति के लिए फिट इंडिया मूवमेंट अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने हेतु ‘भोजन में तेल कम करने और जीवन में खेल गतिविधियां बढ़ाने’ का आह्वान कर सभी को प्रेरित कर रहे हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल-सीहोर संसदीय क्षेत्र के ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ के शुभारंभ अवसर पर जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। बुधवार को शासकीय सुभाष एक्सीलेंस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में भारत माता की जय के नारों और रंगारंग आतिशबाजी के बीच आसमान में तिरंगे गुब्बारे छोड़कर उन्होंने सांसद खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस बार सांसद खेल महोत्सव में 71 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने नामांकन कराया है, जो विद्यार्थियों में निरंतर बढ़ती खेल रुचि और खेल संस्कृति के प्रति उत्साह को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव सेवा पखवाड़ा का भी महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहा है।

डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने दूध, दही और मक्खन को दैनिक भोजन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में खेलों का विशेष महत्व आदिकाल से ही रहा है।उन्होंने बताया कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य जन-जन में खेल भावना विकसित करना और प्रत्येक वार्ड व ग्राम तक खेल गतिविधियों का विस्तार करना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से प्रदेश के हर घर से खिलाड़ी और हर गांव से चैम्पियन निकलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *