बिसौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात ट्रेन में सफर कर रहे एक मजदूर की हादसे में मौत हो गई। मजदूर ट्रेन के दरवाजे पर बैठा हुआ था। अचानक झपकी आने से वह नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह रेलवे लाइन किनारे शव पड़ा मिला।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाद में उसे परिजनों तक पहुंचाया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय महेश पुत्र दुर्गा प्रसाद, निवासी गांव मूड़ा सहम नगर उर्फ पंडरी, थाना गजरौला (जिला पीलीभीत) के रूप में हुई।महेश अपने चचेरे भाई बाबूराम, मोहल्ले के अक्षय और धर्मेंद्र के साथ हरियाणा के गुरुग्राम मजदूरी करने जा रहा था। चारों लोग पीलीभीत से ट्रेन में सवार हुए थे। बरेली से आगे निकलने पर गर्मी के कारण महेश ट्रेन के दरवाजे पर बैठ गया। रात करीब 11:30 बजे जब ट्रेन बिसौली क्षेत्र के दबतोरा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी अचानक झपकी आने से महेश नीचे गिर गया।

यात्रियों ने ट्रेन से एक युवक के गिरने की जानकारी दी तो उसके साथी चिंतित हो गए। बाबूराम और अन्य साथी जब तक स्थिति समझ पाते, ट्रेन आगे बढ़ चुकी थी। तीनों मजदूर चंदौसी रेलवे स्टेशन पर उतर गए और पैदल-पैदल बिसौली की ओर लौटे।इधर, सुबह रेलवे ट्रैक किनारे शव मिलने की सूचना पर बिसौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। बाद में महेश के साथियों ने पहचान की और परिजनों को सूचना दी।इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक ट्रेन से गिरने के कारण मृत हुआ है। पोस्टमार्टम कराया गया और शव को पुलिस की व्यवस्था से पीलीभीत भेज दिया गया। बताया गया कि महेश गरीब परिवार से था और अविवाहित था। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।