मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 सितंबर को झाबुआ जिले के पेटलावद से करेंगे ऐतिहासिक अंतरण एवं विकास कार्यों का शुभारंभ,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 सितंबर, शुक्रवार को झाबुआ जिले के पेटलावद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाखों बहनों और हितग्राहियों को बड़े पैमाने पर लाभान्वित करेंगे। यह कार्यक्रम प्रदेश के विकास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को नई गति देने वाला साबित होगा।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत प्रदेश की 1.26 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 28वीं किश्त की 1541 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण करेंगे। यह कदम महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।इसी प्रकार, मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनान्तर्गत प्रदेश के 53.48 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों को 320.89 करोड़ रुपये से अधिक राशि का अंतरण भी करेंगे। इससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र हितग्राहियों को नियमित आर्थिक सहायता मिलेगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के एलपीजी कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं के साथ-साथ गैर-प्रधानमंत्री उज्ज्वला श्रेणी में पंजीकृत लाड़ली बहनों एवं विशेष पिछड़ी जनजाति की आर्थिक योजनाओं के अंतर्गत पंजीकृत 31 लाख से अधिक बहनों के खातों में गैस रिफिल के लिए प्रति बहन 450 रुपये की राशि का भी अंतरण करेंगे। इस मद में कुल 48 करोड़ रुपये से अधिक राशि वितरित की जाएगी। यह कदम महिलाओं को घरेलू ईंधन की सुविधा और आत्मनिर्भरता प्रदान करेगा।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री डॉ. यादव झाबुआ जिले में 345.34 करोड़ रुपये लागत के 72 से अधिक विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। इसमें विभिन्न विभागों के 194.56 करोड़ रुपये लागत के 35 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 150.78 करोड़ रुपये लागत के 37 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।झाबुआ जिले में होने वाला यह राज्य स्तरीय आयोजन प्रदेश के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह कार्यक्रम प्रदेश की बहनों, हितग्राहियों और आमजन के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *