भोपाल I मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2 सितंबर 2025 को भोपाल स्थित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के नवीन कन्या छात्रावास भवन, कृषि भवन और आईटी पार्क का भूमि-पूजन सम्पन्न किया। यह आयोजन ‘पीएम-उषा परियोजना’ के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिससे विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।

इस भूमि-पूजन के साथ ही मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के दीक्षारंभ कार्यक्रम में भी भाग लिया और प्रदेश के युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा एवं भविष्य के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम एक्सीलेंस कॉलेज मॉडल को देशभर के लोग देखने आ रहे हैं और नई शिक्षा नीति का सफल क्रियान्वयन प्रदेश में किया जा रहा है, जिससे स्वदेशी भावना और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए जा रहे हैं I
100 करोड़ की विकास योजनाएँ
करीब 100 करोड़ रुपए की लागत वाले इन निर्माण कार्यों में नवीन कन्या छात्रावास, कृषि भवन, आईटी पार्क जैसे अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए जाएंगे। इन सुविधाओं से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण आवास मिलेगी, आईटी पार्क से टेक्नोलॉजी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और कृषि भवन से नवाचार व रिसर्च की संभावनाएँ बढ़ेंगी। प्रशासन ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष ध्यान देने की बात कही है I
युवा एवं विद्यार्थियों के लिए घोषणाएँ
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अधिक से अधिक नए रोजगारपरक कोर्स शुरू करने की बात कही ताकि युवा सिर्फ नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें। सरकार इन कोर्स के लिए आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराएगी और विद्यार्थियों के लिए बस परिवहन सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे छात्रों को आने-जाने में कोई असुविधा न होI
प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश एक नए युग की ओर बढ़ रहा है, जो युवाओं के सपनों को ऊँचाई देने, शिक्षा व्यवस्था में रोजगार एवं नवाचार के नए आयाम जोड़ने तथा भावी पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाने में साबित हो रहा है। मध्यप्रदेश में उच्च शिक्षा क्षेत्र में लगातार क्रांति आ रही है और प्रदेश के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास निरंतर जारी है।