राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल का सिवनी जिले के ग्राम थांवरझोड़ी में आत्मीय स्वागत,

सिवनी। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल गुरुवार को सिवनी जिले के कुरई विकासखण्ड के ग्राम थांवरझोड़ी पहुँचे। वे यहां ग्राम परिचय कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां ग्रामवासियों ने परंपरागत कलश यात्रा और गोंडी नृत्य के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया।कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री पटेल ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए। उन्होंने ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र, आजीविका मिशन से जुड़ी बहनों को कैश क्रेडिट लिंक योजना के चैक और विद्यार्थियों को नि:शुल्क सायकल प्रदान की।

कल्याणकारी योजनाओं से सकारात्मक परिवर्तन
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चिंताओं से मुक्ति दिलाई है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्त कर उनका जीवन आसान बनाया है।उन्होंने कहा कि आजीविका मिशन से जुड़ी बहनें आर्थिक स्वावलंबन का अभूतपूर्व उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। उनकी मेहनत और लगन से न केवल उनका परिवार मजबूत हो रहा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिल रही है।

जनजातीय विकास की दिशा में ठोस कदम
राज्यपाल श्री पटेल ने प्रधानमंत्री जन मन योजना को जनजातीय समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़कर उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने का सशक्त माध्यम है।इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री धरती आबा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना जनजातीय परिवारों को आवास, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से जनजातीय जीवन में व्यापक और सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।राज्यपाल श्री पटेल ने कार्यक्रम के अंत में ग्रामवासियों से संवाद किया और उन्हें सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का सही उपयोग तभी संभव है जब समाज स्वयं भी सक्रिय सहयोग दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *