गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश तेकाम का बैतूल में प्रथम आगमन, आदिवासी मुख्यमंत्री की मांग उठी,

बैतूल, 16 अगस्त 2025 — गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (GGP) के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर कमलेश तेकाम का आज बैतूल जिले में प्रथम नगर आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए जिलेभर से आए कार्यकर्ताओं और प्रदेश पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया। पूरे नगर में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। फूल मालाओं और नारों के साथ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत कर अपने जोश और संगठन की ताकत का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में मंचासीन प्रदेश प्रवक्ता श्री शुभकरण पांडे ने अपने संबोधन में प्रदेश की राजनीति में आदिवासी समाज की उपेक्षा पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि, “भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां केवल आदिवासी समाज के वोट लेना चाहती हैं, लेकिन सत्ता और नेतृत्व में उन्हें कभी उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। आज भी आदिवासी समाज के योग्य और काबिल नेताओं को निर्णय प्रक्रिया से दूर रखा जाता है।”श्री पांडे ने जोर देकर कहा कि यदि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को जनता का आशीर्वाद मिलता है और पार्टी सत्ता में आती है, तो प्रदेश को उसका पहला आदिवासी मुख्यमंत्री मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक चुनावी वादा नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज के सम्मान और स्वाभिमान का संकल्प है।प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर कमलेश तेकाम ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है। यह पार्टी केवल आदिवासी समाज के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की न्यायसंगत भागीदारी और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। श्री तेकाम ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर पार्टी की विचारधारा और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाएं।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय आदिवासी समाज के प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता और महिला पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। समारोह में पूरे क्षेत्र से आए प्रमुख नेताओं ने भी पार्टी की एकता और संगठन की शक्ति को प्रदर्शित किया।गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का यह आयोजन बैतूल जिले में राजनीतिक चेतना और आदिवासी नेतृत्व की मांग को और मजबूत करता नजर आया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे आदिवासी समाज को उसका हक दिलाने के लिए एकजुट होकर काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *