भोपाल। राजधानी के न्यू मार्केट में आगामी दुर्गा उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। न्यू मार्केट दुर्गा उत्सव समिति एवं न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति द्वारा रविवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर दक्षिण पश्चिम क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक भगवान दास सबनानी ने पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया।समिति के आयोजक पवन वरदानी ने जानकारी दी कि यह न्यू मार्केट में मां दुर्गा की झांकी और पंडाल स्थापना का लगातार 60वां वर्ष होगा। इस वर्ष की झांकी का थीम मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पर आधारित रहेगा। पंडाल में खाटू श्याम जी की प्रतिमा तथा परमानंद महाराज की मूर्ति भी स्थापित की जाएगी। उत्सव की पूरी थीम श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तर्ज पर होगी, जिसके निर्माण पर लगभग 35 से 40 लाख रुपये का व्यय अनुमानित है।वरदानी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लाइन की व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी रहेगी, जिससे न्यू मार्केट आने वाले ग्राहकों और माता रानी के दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, उत्सव स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूड स्टॉल और मनोरंजन की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे श्रद्धालु धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभव का आनंद ले सकें।
भूमि पूजन में रही विशेष उपस्थिति भूमि पूजन समारोह में विधायक भगवान दास सबनानी के साथ गोविंद गोयल, सतीश गंगराड़े, पवन वरदानी, अजय देवनानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और समिति पदाधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्रीय पार्षद ने भी अपनी उपस्थिति से आयोजन को गौरवान्वित किया।न्यू मार्केट दुर्गा उत्सव समिति का यह भव्य आयोजन हर वर्ष शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहता है और इस बार श्रीकृष्ण जन्मभूमि आधारित थीम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी।