
भारत और फिलीपींस ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊँचाइयों पर ले जाते हुए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। यह निर्णय मंगलवार को फिलीपींस के राष्ट्रपति श्री फर्नेंड मार्कोस जूनियर और भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के बीच हैदराबाद हाउस, नई दिल्ली में हुई द्विपक्षीय बैठक के दौरान लिया गया।बैठक से एक दिन पूर्व दोनों देशों की नौसेनाओं ने फिलीपींस तट पर संयुक्त अभ्यास किया, जो क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा और सैन्य सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सैन्य निकटता पर चीन की प्रतिक्रिया में असहजता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत और फिलीपींस अपनी पसंद से मित्र हैं और नियति से साझेदार। यह साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थायित्व और साझा मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”पीएम मोदी ने जानकारी दी कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार ने 3 बिलियन डॉलर का आँकड़ा पार कर लिया है। इसे और सशक्त बनाने के लिए इंडिया-आसियान फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) की समीक्षा शीघ्र पूरी करने और प्रीफरेंशियल ट्रेड एग्रीमेंट (PTA) की दिशा में काम शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान 14 से अधिक समझौतों और करारों पर हस्ताक्षर किए गए, जिनमें रक्षा, समुद्री सहयोग, व्यापार, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और लोगों से लोगों के बीच संबंधों को मजबूती देने वाले विषय शामिल हैं।विदेश मंत्रालय में सचिव (ईस्ट) श्री पी. कुमारन ने प्रेस वार्ता में हुए समझौतों की विस्तृत जानकारी दी और भारत-फिलीपींस सहयोग को भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक और निर्णायक पहल बताया।