राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल की अध्यक्षता में स्काउट गाइड विश्व स्कार्फ दिवस का गरिमामय आयोजन शुक्रवार को राजभवन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की ओर से राज्यपाल को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त श्री पारस जैन, उप मुख्य आयुक्त श्रीमती रेखा दुबे, राज्य सचिव श्री एन.के. त्रिपाठी सहित संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स भी उपस्थित रहे।राज्यपाल श्री पटेल ने स्काउट-गाइड आंदोलन को राष्ट्र निर्माण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह संगठन बच्चों और युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रीय भावना का विकास करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देशभक्ति, समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों में आगे बढ़कर भाग लें।

राज्यपाल ने स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा कोविड काल, पर्यावरण जागरूकता, जल संरक्षण और प्लास्टिक उन्मूलन जैसे अभियानों में निभाई गई भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्कार्फ न केवल संगठन की पहचान है, बल्कि यह सेवा, समर्पण और कर्तव्यबोध का प्रतीक भी है।राज्य मुख्य आयुक्त श्री पारस जैन ने राज्यपाल को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके संरक्षण और मार्गदर्शन में संगठन निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने स्काउट-गाइड्स के भावी कार्यक्रमों और लक्ष्यों की जानकारी भी दी।ज्ञात हो कि प्रतिवर्ष 01 अगस्त को स्काउट गाइड विश्व स्कार्फ दिवस मनाया जाता है, जो विश्वभर के स्काउट्स एवं गाइड्स को एकता, अनुशासन और सेवा के सूत्र में पिरोता है।