भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा सत्र के दूसरे दिन नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में “भैंस के आगे बीन बजाने” का प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, संवेदनहीनता और गंभीर जनहित के मुद्दों पर उसकी चुप्पी के विरोध में किया गया।श्री सिंघार ने कहा कि आज की भाजपा सरकार बिल्कुल उसी भैंस की तरह हो चुकी है, जो सामने बीन बजाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं देती। सरकार विपक्ष के सवालों पर मौन है, जनता की समस्याओं से बेपरवाह है और लोकतांत्रिक संवाद को नकार रही है। यह रवैया केवल विपक्ष के सवालों की उपेक्षा नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई चरम पर है, युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, किसान आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह निष्क्रिय बनी हुई है। OBC वर्ग को 27% आरक्षण देने का वादा अब तक अधूरा है। लाड़ली बहनों को ₹3000 प्रतिमाह देने का वादा भी महज़ एक चुनावी जुमला साबित हुआ है।सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की संवेदनहीनता अब लोकतंत्र के लिए खतरा बनती जा रही है। सरकार न सुन रही है, न बोल रही है और न ही समाधान दे रही है। ऐसी स्थिति में विपक्ष का कर्तव्य है कि वह जनता की आवाज़ को सड़क से सदन तक पहुंचाए।नेता प्रतिपक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा कि कांग्रेस विधायक दल सरकार की इस चुप्पी को कभी स्वीकार नहीं करेगा। यह लड़ाई केवल सत्ता की नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के अधिकारों की है। कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।